नई दिल्ली, 16 नवंबर। लोक आस्था का छठ महापर्व सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। चार दिनों तक चले इस कठिन व्रत और अनुष्ठान के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने छठी मइया से सभी व्रतियों और देशवासियों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस पावन पर्व की बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। पीएम मोदी ने छठी मइया से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के लोगों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।
जेपी नड्डा ने छठ को बताया सामाजिक सद्भाव का प्रतीक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी छठ महापर्व के समापन पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पावन अनुष्ठान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक सद्भाव, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। भगवान सूर्यदेव और छठी मइया से प्रार्थना है कि सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और हर घर में सुख, शांति व समृद्धि बनी रहे।
ओम बिरला ने व्रतियों की श्रद्धा और तपस्या को किया नमन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी छठ पूजा के समापन और व्रत के पारण के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छठ हमारी लोकआस्था, सांस्कृतिक निरंतरता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। ओम बिरला ने अपने संदेश में कहा कि भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना से जुड़ी यह परंपरा भारतीय जीवन-दर्शन की उस भावना को दर्शाती है, जिसमें संयम, साधना, पवित्रता और लोकमंगल सर्वोपरि हैं।
उन्होंने कहा कि उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देना नई आशा, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में नवचेतना के संचार का प्रतीक है। यह पर्व परिवारों को आपसी आत्मीयता के सूत्र में बांधने के साथ समाज में सहयोग, समरसता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कामना की कि छठी मैया की कृपा और भगवान सूर्य के आशीर्वाद से हर परिवार में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का वास हो। उन्होंने सभी छठव्रतियों की श्रद्धा, तपस्या और अटूट निष्ठा को नमन करते हुए कहा कि यह परंपरा देश में एकता, सद्भाव और जनकल्याण की भावना को और मजबूत करे।
धर्मेंद्र प्रधान ने की सुख-समृद्धि की कामना
पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी छठ महापर्व के समापन पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चार दिनों तक आस्था, श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण इस पर्व का समापन प्रातःकालीन उषा अर्घ्य के साथ हुआ। उन्होंने सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि बनी रहे। हर घर-आंगन खुशियों से रोशन हो और सभी की मनोकामनाएं पूरी हों।


