लखनऊ, 15 सितम्बर। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुआई वाली सत्तारूढ़ भाजपा सरकार अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले समाज के कमोबेश हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ उपहारों की घोषणाएं कर रही है। इस क्रम में योगी सरकार ने अब प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात दी है।
अधिकतम 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालिक कर्ज ले सकेंगे प्रदेश के किसान
सीएम योगी की अध्यक्षता में मंगलवार शाम हुई बैठक में कैबिनेट ने किसानों को छह फीसदी वार्षिक ब्याज पर छह लाख रुपये तक का दीर्घकालिक कर्ज देने की योजना के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी। सरकार की इस पहल से यूपी के किसान जहां भारी ब्याज दरों से छुटकारा पाएंगे, वहीं सस्ते ब्याज पर कर्ज पा सकेंगे। इस योजना से किसानों को बड़ा फायदा होगा।
कैबिनेट ने कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी
वस्तुतः कैबिनेट की इस बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनसे सरकारी कर्मचारियों से लेकर किसान तक लाभान्वित होंगे। किसानों को सस्ते ब्याज दर पर लोन, पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोत्तरी, कैशलेस इलाज, कोटेदारों के मार्जिन में बढ़ोत्तरी, नई खिलौना नीति को मंजूरी देने के साथ ही अयोध्या में एनएसजी के रीजनल सेंटर के लिए 65 एकड़ जमीन देने के प्रस्ताव को भी योगी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
सशक्त निर्णयों से प्रदेश के समग्र विकास को नई गति!
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, औद्योगिक विकास, शिक्षा, युवा कल्याण, परिवहन एवं सामाजिक सुरक्षा सहित प्रदेश के समग्र विकास… pic.twitter.com/6v1poEg0Oz
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 15, 2026
5 प्रतिशत ब्याज सरकार खुद वहन करेगी, करीब 38.4 करोड़ का बोझ
सबसे अहम स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक से किसानों को छह लाख रुपये तक का लोन सिर्फ छह फीसदी वार्षिक ब्याज दर पर मिलेगा। इसमें पांच प्रतिशत ब्याज सरकार वहन करेगी। लघु और सीमांत किसानों को ब्याज में पांच प्रतिशत ब्याज में छूट दी जा रही है। इससे सरकार पर करीब 38.4 करोड़ का भार आएगा।
कैबिनेट के इस फैसले से किसानों को भारी ब्याज दरों से छुटकारा मिलेगा, जो पहले 11.5 प्रतिशत तक थी। किसानों को सस्ते लोन का एलान सीएम योगी ने कुछ महीने पहले किया था। उल्लेखनीय है कि कई बार मंहगी ब्याज दरों के चलते किसानों को भारी आर्थिक बोझ झेलना पड़ता है। इसके चलते किसान को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मौसम की मार और प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने पर कई बार मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ऐसे हालात में योगी सरकार की यह योजना किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत मिलेगा लाभ
यूपी के किसानों को सस्ते ब्याज पर लोन का यह लाभ मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत मिलेगा। नई व्यवस्था से लघु और सीमांत किसानों का आर्थिक बोझ काफी कम हो सकेगा। उन्हें अधिक ब्याज नहीं चुकाना पड़ेगा।
पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ा, 5 लाख तक कैशलेस इलाज
कैबिनेट बैठक में जिन 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी है, उनमें से एक महत्वपूर्ण फैसला पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाया जाना भी है। प्रदेश के करीब 40 हजार पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव पर योगी कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। इसके साथ ही जवानों को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिलेगी। इसके साथ योगी कैबिनेट की बैठक में कोटेदारों के मार्जिन में बढ़ोत्तरी से जुड़ा फैसला भी लिया गया। कैबिनेट ने नई खिलौनराा प्रोत्साहन नीति को भी हरी झंडी दी है।


