मुंबई, 31 अक्टूबर। बॉलीवुड में अपनी खूबसूरती और दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्रियों में इलियाना डिक्रूज का नाम भी शामिल है। रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा के साथ फिल्म ‘बर्फी’ में नजर आने के बाद इलियाना को देशभर में पहचान मिली। हालांकि, फिल्मी दुनिया तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। कभी कैमरे के सामने आने से घबराने वाली इलियाना ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की और पहली ही फिल्म से अवॉर्ड जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
1 नवंबर 1986 को मुंबई में जन्मीं इलियाना डिक्रूज का परिवार मूल रूप से गोवा से जुड़ा है। उनके पिता रोनाल्डो डिक्रूज और मां समीरा डिक्रूज हैं। जब इलियाना करीब 10 साल की थीं, तब उनका परिवार गोवा चला गया। यहीं उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की। बचपन में उन्होंने कभी अभिनेत्री बनने का सपना नहीं देखा था और न ही उन्हें अंदाजा था कि एक दिन वह बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
मां की वजह से मॉडलिंग की दुनिया में रखा कदम
इलियाना का मॉडलिंग की दुनिया में आना भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दरअसल, उनकी मां जिस होटल में काम करती थीं, वहां के एक मैनेजर की नजर इलियाना पर पड़ी। उन्होंने उनकी मां को बेटी को मॉडलिंग में करियर बनाने की सलाह दी। इसके बाद मां ने उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
हालांकि, शुरुआत में इलियाना कैमरे के सामने आने से काफी असहज महसूस करती थीं। साल 2003 में उनका पहला मॉडलिंग पोर्टफोलियो तैयार हुआ, लेकिन उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। उन्होंने इस अनुभव को खराब बताया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और धीरे-धीरे फोटोशूट, रैंप शो और विज्ञापनों में काम करना शुरू कर दिया।
17 साल की उम्र में पहली फिल्म से जीता अवॉर्ड
मॉडलिंग के दौरान ही इलियाना को तेलुगु फिल्म ‘देवदासु’ में काम करने का मौका मिला। साल 2006 में रिलीज हुई इस रोमांटिक फिल्म से उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। फिल्म में उन्होंने भानुमति का किरदार निभाया था और राम के साथ उनकी जोड़ी नजर आई थी।
फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इलियाना के अभिनय की भी सराहना हुई। खास बात यह रही कि उन्हें अपनी पहली ही फिल्म के लिए फिल्मफेयर साउथ का बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड मिला। इस उपलब्धि ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और अभिनय की दुनिया में आगे बढ़ने का रास्ता खोला।
साउथ की फिल्मों से बनीं लोकप्रिय अभिनेत्री
‘देवदासु’ की सफलता के बाद इलियाना ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने तेलुगु सिनेमा में ‘पोकीरी’, ‘जलसा’, ‘किक’ और ‘जुलाई’ जैसी सफल फिल्मों में काम किया। महेश बाबू, पवन कल्याण, रवि तेजा और अल्लू अर्जुन जैसे बड़े सितारों के साथ स्क्रीन साझा कर उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाई। साल 2012 में वह तमिल फिल्म ‘ननबन’ में भी नजर आईं।
‘बर्फी’ ने बदल दी इलियाना की किस्मत
इलियाना के करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 2012 में आया, जब उन्होंने अनुराग बसु की फिल्म ‘बर्फी’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में इलियाना ने श्रुति घोष का किरदार निभाया था।
‘बर्फी’ में इलियाना का किरदार कहानी का अहम हिस्सा था। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली। इसके साथ ही इलियाना की हिंदी सिनेमा में भी पहचान बन गई।
एक इंटरव्यू में इलियाना ने बताया था कि ‘बर्फी’ के लिए हामी भरना उनके लिए आसान नहीं था। गोवा में पली-बढ़ी इलियाना को फिल्म में 1970 के दशक की बंगाली लड़की का किरदार निभाना था। उन्हें शुरुआत में संदेह था कि वह इस भूमिका के साथ न्याय कर पाएंगी या नहीं। हालांकि, निर्देशक अनुराग बसु को उनकी प्रतिभा पर पूरा भरोसा था।
फिल्म का पहला शॉट भी उनके लिए यादगार रहा। ट्रेन में फिल्माए गए इस सीन में रणबीर कपूर का किरदार पहली बार उन्हें देखता है। इलियाना ने बताया था कि उस समय वह काफी घबराई हुई थीं। इसके बावजूद उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
अक्षय कुमार और अजय देवगन के साथ भी किया काम
‘बर्फी’ की सफलता के बाद इलियाना ने बॉलीवुड में कई अलग-अलग तरह की फिल्मों में काम किया। वह ‘मैं तेरा हीरो’, ‘हैप्पी एंडिंग’, ‘मुबारकां’, ‘बादशाहो’, ‘रुस्तम’ और ‘रेड’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।
अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘रुस्तम’ और अजय देवगन के साथ ‘रेड’ में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। साल 2024 में भी वह ‘तेरा क्या होगा लवली’ और ‘दो और दो प्यार’ जैसी फिल्मों के जरिए दर्शकों के सामने आईं।
शादी और दो बेटों की मां बनने के बाद निजी जिंदगी में खुशियां
फिल्मी करियर के साथ इलियाना की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है। साल 2023 में उन्होंने माइकल डोलन से शादी की। इसी साल अगस्त में उन्होंने अपने पहले बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम कोआ फीनिक्स डोलन रखा गया। इसके बाद जून 2025 में वह दूसरी बार मां बनीं और उनके घर दूसरे बेटे का जन्म हुआ।
इलियाना सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वह अक्सर अपने परिवार और निजी जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा करती रहती हैं। मॉडलिंग से शुरू हुआ उनका सफर आज उन्हें साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक पहचान दिला चुका है।


