लखनऊ, 31 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देने के लिए शनिवार को दो महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। वहीं, लखनऊ में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण व रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का भी शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन दोनों पहलों को प्रदेश के आधुनिक विकास, आर्थिक प्रगति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया उत्तर प्रदेश आधुनिक रेल परिवहन और युवाओं के कौशल सशक्तीकरण की दो बड़ी उपलब्धियों का साक्षी बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली तक रेल संपर्क को नई गति देने के लिए प्रधानमंत्री अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
सीएम योगी के मुताबिक, इस आधुनिक रेल सेवा से उत्तर प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वाराणसी और दिल्ली के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होने से यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ेगी कौशल विकास योजना
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में शुरू होने जा रही ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण व रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ को भी प्रदेश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं के कौशल को निखारना और उन्हें रोजगार के साथ स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
सीएम योगी ने कहा कि एक ओर आधुनिक रेल सेवा नए उत्तर प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी, वहीं दूसरी ओर कौशल विकास की पहल युवाओं को प्रदेश की प्रगति में सशक्त भागीदार बनाएगी।
सीएम योगी ने सरदार पटेल की विरासत और सामाजिक समरसता का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक अन्य संदेश में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकात्मता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया। इससे राष्ट्रीय एकात्मता की भावना कमजोर हुई और सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का प्रयास किया है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को सुशासन का आधार बनाकर सामाजिक समरसता को मजबूत किया गया है। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की अमूल्य विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ा गया है।
‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल होने की सीएम योगी की अपील
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए भारत रत्न सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, उसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने जनता से सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरदार पटेल के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन की चेतना और आचरण में उतारने का सामूहिक अवसर है।
सीएम योगी ने कहा कि एकता दौड़ में उठने वाला हर कदम राष्ट्र की अखंडता के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के अटल संकल्प का प्रतीक बनना चाहिए।


