नई दिल्ली, 15 सितंबर। मॉनसून की विदाई से पहले देश के कई राज्यों में भारी बारिश और नदियों के उफान ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। उत्तर बिहार में पांच प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसके चलते 15 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 49.67 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। वहीं, उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग लगातार तीसरे दिन बंद है। चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण यात्रा रोकनी पड़ी है। करीब 500 तीर्थयात्रियों के अभी भी अलग-अलग पड़ावों पर फंसे होने की जानकारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में अगले 48 से 72 घंटे के दौरान बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
- बिहार में 5 नदियां खतरे के निशान के पार
उत्तर बिहार में कोसी, बागमती, गंडक, कमला बलान और लालबकैया नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण तटबंधों पर दबाव बढ़ गया है और कई निचले इलाकों में पानी पहुंच गया है।
- 15 जिलों में 49.67 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
बाढ़ जैसे हालात से उत्तर बिहार के 15 जिलों के सैकड़ों गांव प्रभावित हुए हैं। कुल प्रभावित आबादी 49.67 लाख से अधिक बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। संभावित स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।
- केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी स्थगित
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें लगातार बनी हुई हैं। पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास भूस्खलन और पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण यात्रा को तीसरे दिन भी रोकना पड़ा। सुरक्षा बलों और प्रशासन की टीमों ने जोखिम भरे हालात के बीच अब तक करीब 7,000 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड की ओर भेजा है। हालांकि मार्ग बाधित होने के कारण करीब 500 यात्री अभी भी विभिन्न पड़ावों पर फंसे हुए हैं।
- लगातार गिर रहे पत्थरों से राहत कार्य प्रभावित
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण मार्ग बहाली का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। घटनास्थल के आसपास घोड़ों और खच्चरों के शव भी देखे गए हैं। प्रशासन की टीमें रास्ता खोलने और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं।
-
उत्तर भारत के 5 राज्यों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में नया परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने के कारण 17 सितंबर तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भी बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 72 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रह सकता है।
हरियाणा और पंजाब
हरियाणा के 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब के सभी 18 जिलों में आज तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। लगातार बारिश के कारण संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।


