शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 500 अंक लुढ़का, निफ्टी 159 अंक कमजोर

मुंबई, 18 नवम्बर। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और घरेलू स्तर पर मुनाफावसूली के दबाव का यह असर रहा कि पिछले दो कारोबारी सत्रों में तेजी देखने वाला शेयर बाजार बुधवार को बड़ी गिरावट लेकर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 500 अंक से अधिक लुढ़क गया वहीं एनएसई निफ्टी 159 अंक कमजोर हुआ।

सेंसेक्स 500.38 अंक गिरकर 82,031.81 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 500.38 अंक यानी 0.61 प्रतिशत गिरकर 82,031.81 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 751.72 अंक यानी 0.91 प्रतिशत तक गिरकर 81,780.47 अंक चला गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 22 के शेयर लाल निशान पर रुके तो आठ में मजबूती दिखी।

निफ्टी 159.45 अंकों की कमजोरी से 25,227.95 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 159.45 अंक यानी 0.63 प्रतिशत गिरकर 25,227.95 अंक पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में यह सूचकांक भी 245.60 गिरकर 25,141.80 तक चला गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 15 के शेयर हरे निशान पर ठहरे तो 35 में गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों को ₹5.15 लाख करोड़ का नुकसान

मुनाफावसूली के चलते निवेशकों की पूंजी में आज 5.15 लाख करोड़ रुपये की कमजोरी आई। एक कारोबारी दिन पहले 17 नवम्बर को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹5,11,71,121.57 करोड़ था, जो बुधवार को ₹5,06,55,334.94 करोड़ पर आ गया। इस प्रकार निवेशकों की पूंजी में ₹5,15,786.63 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई।

टाइटन का स्टॉक सबसे ज्यादा 4.82 प्रतिशत गिरा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन का स्टॉक सबसे ज्यादा 4.82 प्रतिशत गिरा। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 2.49 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 2.45 प्रतिशत, इटर्नल में 2.45 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 1.97 प्रतिशत और इन्फोसिस में 1.86 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके उलट, भारतीय स्टेट बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावर ग्रिड के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 4,195.38 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,195.38 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत गिरकर 91.97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular