लक्ष्य सेन ने रचा इतिहास : कुमामोतो मास्टर्स खिताब जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बने

कुमामोतो (जापान), 15 नवम्बर। भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन ने रविवार को यहां कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के इतिहास में नए अध्याय का सृजन किया, जब उन्होंने पुरुष एकल फाइनल में जापानी कोकी वातानाबे को तीन गेमों के संघर्ष में शिकस्त दी और यह खिताब जीतने वाले देश के पहले शटलर बन बैठे।

जापानी कोकी वातानबे पर 3 गेमों में संघर्षपूर्ण जीत

इस माह की शुरुआत में हाइलो ओपन सुपर 500 के जरिए सत्र की पहली उपाधि जीतने वाले विश्व नंबर 13 लक्ष्य ने कुमामोतो प्रीफेक्चल जिम्नेजियम के कोर्ट नंबर एक पर पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और एक घंटे और चार 64 मिनट तक खिंचे संघर्ष में विश्व नंबर 15 वातानबे के खिलाफ 13-21, 21-18, 21-14 से जीत हासिल कर लगातार BWF विश्व टूर में लगातार दूसरा खिताब हासिल किया।

वातानबे से 8 मुलाकातों में लक्ष्य अब 5-3 से आगे

आठवीं सीड लेकर उतरे 24 वर्षीय सेन ने अंतिम गेम में शानदार प्रदर्शन करते हुए 11-7 की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने के बाद अपनी बढ़त कुल नौ अंक तक पहुंचा दी और फिर अपने प्रतिद्वंदी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ ही लक्ष्य ने वातानबे से आठ मुलाकातों में अपना स्कोर 5-3 कर लिया। इस वर्ष पूर्व के दोनों मुकाबलों (सिंगापुर ओपन व जापान ओपन) में कोकी बीस छूटे थे। हालांकि पिछले वर्ष दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात यहां अंतिम 32 दौर में हुई थी, तब लक्ष्य ने सीधे गेमों में मुकाबला जीता था।

BWF विश्व टूर फाइनल्स की क्वालीफाइंग पोजीशन में जगह भी सुरक्षित की

BWF विश्व टूर में लगातार दूसरा सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने के साथ ही लक्ष्य ने 9200 रैंकिंग अंक भी अपने खाते में जोड़े और हांगझू में BWF वर्ल्ड टूर फ़ाइनल्स के लिए क्वालीफाइंग पोजीशन में जगह भी सुरक्षित कर ली। इस टूर्नामेंट से पहले रेस टू फाइनल्स स्टैंडिंग में 64,980 अंकों के साथ 12वें नंबर पर थे, और सत्रांत में होने वाले BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने के लिए उन्हें शीर्ष आठ में जगह बनाने की जरूरत थी।

सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने से लक्ष्य को 9,200 अंक मिले, जिससे मंगलवार को अपडेट होने पर वह 74,180 अंकों के साथ छठे नंबर पर आ जाएंगे। हालांकि, हांगझू की रेस अभी खत्म नहीं हुई है क्योंकि हांगकांग ओपन (17-22 नवम्बर) आखिरी क्वालिफाइंग स्पर्धा है।

टॉप सीड जापानी यामागुची ने जीती महिला एकल उपाधि

उधर महिला एकल में सर्वोच्च वरीय जापानी अकाने यामागुची ने अपनी ख्याति कायम रखी और दूसरी सीड चीनी वांग झी यी को सिर्फ 49 मिनट में 21-14, 22-10 से शिकस्त दे दी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular