नई दिल्ली, 18 नवम्बर। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए देशभर के खेल विश्वविद्यालयों को एक मंच पर लाने की पहल की है। इसी कड़ी में बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में देशभर के 13 खेल विश्वविद्यालयों के साथ हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने इन संस्थानों को पूरे राष्ट्रीय खेल इकोसिस्टम का मुख्य केंद्र (हब) बनाने का विजन पेश किया।
विशेष खेलों और संसाधनों को साझा करने पर जोर
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालयों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाना और संसाधनों को साझा कर भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करना था। डॉ. मांडविया ने स्पष्ट किया कि अब संस्थानों को अलग-अलग रहकर काम करने की बजाय अपने प्रयासों और विशेषज्ञता को एक साथ जोड़ना होगा। इसके तहत विश्वविद्यालयों के बीच कोचों के आदान-प्रदान (एक्सचेंज) और ज्ञान साझा करने (नॉलेज-शेयरिंग) की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने प्रत्येक विश्वविद्यालय को किसी एक विशिष्ट क्षेत्र – जैसे किसी खास खेल, कोचिंग, खेल विज्ञान या अनुसंधान – में अपनी खास विशेषज्ञता (नीश) विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि इसका लाभ पूरे देश के खिलाड़ियों को मिल सके।
खिलाड़ी ही नहीं, स्पोर्ट्स साइंस और मैनेजमेंट के पेशेवर भी होंगे तैयार
डॉ. मांडविया ने इस बात पर जोर दिया कि खेल विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल एथलीट तैयार करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें ऐसे सिस्टम विकसित करने होंगे, जो पूरे भारतीय खेल उद्योग को आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने विश्वविद्यालयों से स्पोर्ट्स साइंस (खेल विज्ञान), स्पोर्ट्स लॉ (खेल कानून) और स्पोर्ट्स टूरिज्म (खेल पर्यटन) जैसे उभरते क्षेत्रों में विशेष पाठ्यक्रम और विशेषज्ञता विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे देश में खेल प्रबंधन और प्रशासन के लिए कुशल पेशेवर तैयार होंगे और भारतीय खेल विश्वविद्यालय दुनिया के शीर्ष संस्थानों में अपनी जगह बना सकेंगे।
बैठक में शामिल हुए प्रमुख अधिकारी
इस महत्वपूर्ण मंथन में केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, खेल सचिव हरि रंजन राव के साथ-साथ देश के सभी 13 खेल विश्वविद्यालयों के कुलपति और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।


