Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : विराट के नौवें शतकीय प्रहार से फिर शीर्ष पर पहुंचा गत चैम्पियन RCB, अब KKR की उम्मीदें क्षीण

Social Share

रायपुर, 13 मई। छत्तीसगढ़ की राजधानी में बुधवार की शाम जहां तेज बारिश ने महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को तरबतर कर दिया था वहीं निर्धारित से सवा घंटे विलंब से प्रारंभ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के अहम मुकाबले में देर रात ‘किंग कोहली’ के बल्ले से तूफानी बारिश देखने को मिली।

6 विकेट की हार से कोलकाता का चार मैचों का विजय क्रम टूटा

विराट कोहली के आईपीएल करिअर में इस नौवें तूफानी शतक (नाबाद 105 रन, 60 गेंद, तीन छक्के, 11 चौके) का ही परिणाम था कि मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पांच गेंदों के शेष रहते छह विकेट की धमाकेदार जीत से न सिर्फ तीन बार के पूर्व विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लगातार चार मैचों का विजय क्रम तोड़ा वरन खुद चार दिनों के भीतर दूसरी बार अंक तालिका में शीर्ष पर जा पहुंचा।

अंगकृष, रिंकू व ग्रीन के सहारे 192 रनों तक पहुंचे थे नाइट राइडर्स

दरअसल, पहले बल्लेबाजी पर बाध्य केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी के धांसू अर्धशतक (71 रन, 46 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) और विस्फोटक रिंकू सिंह (नाबाद 49 रन, 29 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व कैमरन ग्रीन (32 रन, 24 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) के साथ उनकी दो त्वरित अर्धशतकीय भागीदारियों के सहारे चार विकेट पर 192 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

पिछले दो मैचों में खाता नहीं खोल सके कोहली ने दिखाई ताकत

जवाबी काररवाई में 37 वर्षीय कोहली ने अकेले मोर्चा संभाला। अपनी पिछली दो पारियों में खाता नहीं खोल सके इस दिग्गज ने पूरी मजबूती से यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ रन बनाने से चूके थे, फॉर्म से नहीं। इस क्रम में मौजूदा सत्र के दौरान तीन अर्धशतकों के बाद पहली सेंचुरी ठोकते हुए विराट ने देवदत्त पडिक्कल (39 रन, 27 गेंद, सात चौके) सहित अन्य बल्लेबाजों की मौजूदगी में उपयोगी भागीदारियों से टीम को 19.1 ओवरों में चार विकेट पर 194 रनों तक पहुंचा दिया।

रिकॉर्ड 279वें मैच में रन-चेज के लिहाज से बेहतरीन और क्लासिक प्रयास

देखा जाए तो आईपीएल इतिहास में रिकॉर्ड 279वां मैच खेल रहे ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कोहली की नाबाद पारी रन-चेज (लक्ष्य का पीछा करने) के लिहाज से एक बेहतरीन और क्लासिक प्रयास था। यह पारी बेहद सहज, नियंत्रित थी और इसमें विकेटों के बीच लगातार दौड़ने के साथ-साथ शानदार स्ट्रोक-प्ले का भी बेहतरीन नजारा देखने को मिला, खासकर उनकी पारी की शुरुआत और अंत में। हालांकि, सबसे दिलचस्प बात यह रही कि वह पूरे समय कभी भी दबाव में या संघर्ष करते हुए नहीं दिखे, शायद यही इस मैच की असली कहानी थी।

कुल मिलाकर देखें तो इस मैच का नतीजा संभवतः दोनों टीमों के गेंदबाजी आक्रमण की गुणवत्ता और विशेष रूप से तेज गेंदबाजों (सीमर्स) के प्रदर्शन से तय हुआ। पहले सत्र में RCB के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए KKR को 200 रनों के भीतर ही रोक दिया। वहीं KKR के अनुभवहीन तेज गेंदबाजों का आक्रमण RCB के गेंदबाजों जैसी अनुशासन और पिच के दोहरे मिजाज (two-paced surface) का फायदा उठाने की क्षमता के मामले में बिल्कुल भी मुकाबला नहीं कर सका। हालांकि, यह भी ध्यान रखना होगा कि दूसरी पारी के दौरान पिच शायद थोड़ी आसान हो गई थी।

आरसीबी की 12 मैचों में आठवीं जीत

खैर, इस परिणाम के बाद रजत पाटीदार की टीम के 12 मैचों में 16 अंक हो गए हैं और उसने एक दिन पहले ही पहली बार शीर्ष पर पहुंचे गुजरात टाइटंस (12 मैचों में 16 अंक) को दूसरे स्थान पर धकेल दिया। वहीं लगातार चार जीत के बाद पराजय का मुंह देखने वाली रहाणे एंड कम्पनी 11 मैचों में छही हार के बाद नौ अंक लेकर आठवें स्थान पर है। कुल मिलाकर केकेआर की उम्मीदें अब क्षीण हो चुकी हैं क्योंकि वह अंतिम तीन मैचों में यदि जीत भी हासिल कर ले तो भी शीर्ष टीमों के रहते उसके लिए प्लेऑफ टिकट की गारंटी नहीं होगी।

विराट व पडिक्कल के बीच 59 गेंदों पर 92 रनों की भागीदारी

मैच पर निगाह डालें तो मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरे RCB को पहला झटका जैकब बेथेल (15 रन, 12 गेंद, एक छक्का, दो चौके) के रूप में लगा, जिन्हें चौथे ओवर मे कार्तिक त्यागी (3-32) की अपनी ही गेंद पर लपक लिया। हालांकि इसके बाद कोहली को, जिन्होंने 32 गेंदों पर पचासा पूरा किया, देवदत्त पड‍िक्कल से बढ़िया साथ मिला और रनों के बौछार के बीच 59 गेंदों पर 92 रनों की विस्फोटक भागीदारी भी आ गई।

स्कोर कार्ड

कार्तिक त्यागी ने ही 14वें ओवर में पडिक्कल को लौटाकर यह साझेदारी तोड़ी तो कोहली ने रजत पाटीदार (11 रन, आठ गेंद, एक छक्का) व टिम डेविड ( दो रन) की मौजूदगी में टीम को जीत की देहरी पर ला खड़ा किया। पाटीदार को सुनील नरेन ने लौटाया तो डेविड 18वें ओवर में कार्तिक के तीसरे शिकार बने।

कोहली ने 58 गेंदों पर पूरा किया शतक

खैर, कोहली ने अगले ओवर में वैभव अरोड़ा के खिलाफ सिंगल लेकर 58 गेंदों पर शतक पूरा करते ही बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया तो डगआउट में मौजूद उनके साथी खिलाड़ियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। वहीं जितेश शर्मा (नाबाद आठ रन, पांच गेंद, एक चौका) ने अंतिम ओवर में सौरभ दुबे की पहली गेंद पर विजयी चौका जड़ दिया।

फिन एलेन व कप्तान रहाणे पॉवरप्ले के दौरान लौट गए

इसके पूर्व केकेआर के बल्लेबाजों ने मौसम को देखते हुए शुरुआत तो तेज की, लेकिन फिन एलेन (18 रन, आठ गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व कप्तान अजिंक्य रहाणे (19 रन, 13 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) पॉवरप्ले (2-56) खत्म होने के पहले ही निकल गए। तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार (1-24) को विकेट के पीछे कैच कराया तो जोश हेजलवुड (1-35) ने पांचवें ओवर में रहाणे को अपनी ही गेंद पर कैच कर लिया (2-48)।

अग्निकृष का चौथा पचासा, ग्रीन के साथ तीसरे विकेट पर 68 रनों की भागीदारी

हालांकि इसके बाद दिल्ली के 21 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज अग्निकृष रघुवंशी ने खूंटागाड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने मौजूदा सत्र के चौथे पचासे के बीच कैमरन ग्रीन के साथ 46 गेंदों पर 68 रनों की साझेदारी से दल को गति पकड़ाई।

रिंकू ने रघुवंशी संग 46 गेंदों पर ठोके 76 रन

बात यहीं तक सीमित नहीं थी वरन 13वें ओवर में रसिख सलाम (1-35) ने ग्रीन को बोल्ड मारा तो रिंकू सिंह जलवा दिखाने उतर गए। पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले अग्निकृष व रिंकू के बीच सिर्फ 46 गेंदों पर 76 रनों की भागीदारी से टीम 190 के पार पहुंच गई। यह अलग बात है कि कोहली के सामने अंत में केकेआर का मायूस होना पड़ा।

गुरुवार का मैच : पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस (धर्मशाला, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version