मुंबई, 17 अगस्त। भू राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और रुपये की कमजोरी के चलते घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला नहीं थम रहा है। इसी क्रम में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भी दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर रुके। बीएसई सेंसेक्स 281 अंक टूटकर जहां 78,000 के नीचे चला आया वहीं एनएसई निफ्टी 78 अंकों की कमजोरी लेकर बंद हुआ।
सेंसेक्स 281.09 अंकों की गिरावट के साथ 77,728.16 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 281.09 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,728.16 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक एक समय 555.50 अंक टूटकर 77,453.75 तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सात के शेयर हरे निशान पर रहे तो 23 में कमजोरी रही।
निफ्टी 78.35 अंकों की फिसलन के साथ 24,287.65 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NIFTY) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 78.35 अंक यानी 0.32 फीसदी की फिसलन के साथ 24,287.65 पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 18 के स्टॉक चढ़े तो 31 में गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि व्यापक बाजार में रिकवरी दिखी और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी मिडकैप 100 लगभग सपाट रहा तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.36% की मजबूती आई। सेक्टोरल इंडेक्स देखें IT इंडेक्स में लगभग 2% की गिरावट आई जबकि मेटल इंडेक्स 1.2% और रियल्टी इंडेक्स 1.5% ऊपर चढ़ा।
एचसीएल टेक के शेयरों में सर्वाधिक 2.57% की गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक के शेयरों में सर्वाधिक 2.57 फीसदी की गिरावट दिखी। इन्फोसिस, सन फार्मा, टीसीएस व नेस्ले में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। इसके विपरीत हिंडाल्को, टाटा स्टील, एचडीएफसी लाइफ, ओएनजीसी व एक्सिस बैंक के स्टॉक्स में प्रमुख रूप से तेजी रही।
एफआईआई ने 508.12 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
बाजार में गिरावट के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की गतिविधियां सकारात्मक रहीं। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक एफआईआई ने शुक्रवार को 508.12 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.43 प्रतिशत बढ़कर 88.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

