ग्वालियर, 18 अगस्त। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। हादसा ग्वालियर-भिंड मार्ग पर गोहद चौराहे के पास छिमका गांव में हुआ। मजदूरों से भरी पिकअप की सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के मुताबिक, पिकअप में सवार मजदूर ग्वालियर में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छिमका गांव के पास सामने से आ रहे डंपर ने पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
हादसे में मौके पर 5, रास्ते में 3 लोगों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो दर्जन से अधिक मजदूरों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) रेफर किया गया जेएएच ट्रॉमा सेंटर के कैजुअल्टी इंचार्ज डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि 3 घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घायल मजदूर ने बताई हादसे की पूरी कहानी
एक घायल मजदूर ने बताया कि सभी लोग ग्वालियर से काम करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और डंपर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

