Site icon hindi.revoi.in

यूपी : सीएम योगी ने प्रयागराज में 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

Social Share

प्रयागराज, 26 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगम नगरी प्रयागराज में मंगलवार शाम नगर निगम के नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन करने के साथ ही 400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसी क्रम में सीएम योगी संगम तट पर मां गंगा की आरती में भी शामिल हुए।

महाकुम्भ के दिव्य व भव्य आयोजन के लिए जाना जाएगा नगर निगम

नगर निगम कार्यकारिणी के तीन वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि नगर निगम महाकुम्भ के आयोजन के लिए जाना जाएगा, जिसने दिव्य और भव्य महाकुम्भ से देश और दुनिया को आकर्षित किया है। महाकुम्भ के दौरान 45 दिनों 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया। महाकुम्भ में यहां के लोगों ने अपने घर के आयोजन की तरह सहयोग किया।

पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधा

सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘2017 के पहले यही प्रयागराज अराजकता और गंदगी के लिए जाना जाता था। लोग आना नहीं चाहते थे। विकास ठप हो गया था। आज प्रयागराज माफियागिरी और गुंडागर्दी से मुक्त है। अब प्रयागराज में बहन-बेटी किसी भी समय घर से निकल सकती हैं।’

अगले कुम्भ तक करोड़ों रुपये के विकास कार्य धरोहर के रूप में सामने आएंगे

उन्होंने कहा, ‘2019 में पहली बार हमारी सरकार को कुम्भ के आयोजन का अवसर मिला, जिसे यूनेस्को ने मान्यता दी। इस सांस्कृतिक आयोजन को पूरी दुनिया में महत्ता मिली। नगर निगम की कार्यकारिणी ने इसमें योगदान दिया। अब अगले कुम्भ तक करोड़ों रुपये के विकास कार्य धरोहर के रूप में सामने आएंगे।’

महापौर गणेश केसरवानी की सराहना

सीएम योगी ने कहा, ‘आज मंगलवार है और गंगा दशहरा भी है। आज कई पुण्य अर्जित करने का अवसर है। यहां के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने जो कार्य किए, वह अद्भुत हैं। 61 वर्ष पुरानी नगर निगम की बिल्डिंग को भव्य रूप दिया गया है। नगर निगम 400 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करा रहा है, यानी हम रुके नहीं हैं, मां गंगा की निर्मलता और अविरलता की तरह आगे निरंतर बढ़ रहें हैं।’

गंगा पर एक हजार करोड़ रुपये से फोरलेन ब्रिज भी बनेगा

सीएम योगी ने कहा आने वाले दिनों में यहां कई बड़े प्रोजेक्ट आएंगे। आज प्रयागराजवासी वर्ल्ड क्लास तकनीक से बने गंगा एक्सप्रेसवे से सात घंटे में दिल्ली जा सकते हैं। औद्योगिक गलियारे बनाए जा रहे हैं। शहर उत्तरी विधानसभा के लिए एक हजार करोड़ रुपये से फोरलेन ब्रिज भी गंगा पर बनेगा। बिना रुके और बिना झुके विकास के लिए कार्य होता रहेगा।

Exit mobile version