मुंबई, 10 अगस्त। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी वैश्विक अनिश्चितता के बीच घरेलू शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को निवेशक ज्यादा उत्साहित नहीं दिखे और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स दिनभर सीमित दायरे में रहने के बाद लगभग सपाट बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 43 अंकों के लाभ में रहा तो एनएसई निफ्टी 13 अंक चढ़ा।
सेंसेक्स 43.27 अंक बढ़कर 78,542.44 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 43.27 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 78,542.44 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 78,676.98 अंकों का उच्चस्तर 78,298.92 अंकों का निचला स्तर देखा। इस तरह कारोबार के दौरान इसमें 378.06 अंक का उतार-चढ़ाव रहा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर लाभ में रहे तो 11 में कमजोरी रही।
निफ्टी 13.15 अंकों की बढ़त से 24,583.80 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित निफ्टी भी 13.15 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 24,583.80 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 25 के स्टॉक हरे निशान पर रुके जबकि 23 में गिरावट दर्ज की गई।व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.22 प्रतिशत लाभ में रहा जबकि छोटी कम्पनियों का स्मॉलकैप सेलेक्ट मामूली 0.16 प्रतिशत के लाभ में रहा।
रियल्टी क्षेत्र ने सबसे ज्यादा 1.60 प्रतिशत की तेजी पकड़ी
सेक्टोरल इंडेक्स में रियल्टी क्षेत्र ने सबसे ज्यादा 1.60 प्रतिशत की तेजी पकड़ी। इसके अलावा उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु क्षेत्र में 1.21 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तुओं में 0.47 प्रतिशत, औद्योगिक क्षेत्र में 0.41 प्रतिशत, केंद्रित आईटी सूचकांक में 0.34 प्रतिशत और आईटी क्षेत्र में 0.22 प्रतिशत की बढ़त रही। वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के सूचकांक में 1.30 प्रतिशत की गिरावट आई। आवास वित्त क्षेत्र 0.59 प्रतिशत, ‘मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक्स क्वॉलिटी टिल्ट’ सूचकांक 0.55 प्रतिशत और मिडस्मॉल प्राइवेट बैंकों का सूचकांक 0.36 प्रतिशत नीचे रहा।
टाइटन में सबसे ज्यादा 3.14 फीसदी तेजी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन में सबसे ज्यादा 3.14 फीसदी तेजी रही। बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और इन्फोसिस के शेयर भी मजबूत रहे। इसके विपरीत भारतीय स्टेट बैंक, इटर्नल, एनटीपीसी, आईटीसी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
एफआईआई ने 480.24 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 480.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.10 प्रतिशत बढ़कर 84.47 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई।

