ईरान के साथ अंतरिम समझौता तोड़ने की ट्रंप की घोषणा से शेयर बाजार में भूचाल, बेंचमार्क इंडेक्स 2% से ज्यादा लुढ़के
मुंबई, 8 जुलाई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के साथ अंतरिम समझौता तोड़ने की घोषणा ने घरेलू शेयर बाजार में भूचाल ला दिया और बुधवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स दो फीसदी से ज्यादा गिरावट लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 1,677 अंकों की भारी गिरावट से 76,500 के निकट रह गया वहीं एनएसई निफ्टी भी 517 अंक टूटकर 23,900 से नीचे जा पहुंचा।
हालांकि शेयर बाजार में पूर्वाह्न गिरावट के साथ ही खुला था, लेकिन दोपहर बाद अंतरिम समझौता तोड़ने की ट्रंप की घोषणा सामने आते ही मानक सूचकांक धड़ाम से जा गिरे। इससे कच्चे तेल की कीमत में भारी तेजी आई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, कमजोर ग्लोबल संकेतों और भूराजनीतिक तनाव बढ़ने से निवेशकों का भरोसा डगमगा गया।
सेंसेक्स 1,677.12 अंकों की गिरावट से 76,503.60 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानी 2.15 प्रतिशत की गिरावट से 76,503.60 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 364 अंकों की गिरावट लेकर खुला सूचकांक ट्रंप की घोषणा के बाद एक घंटे के अंदर लगभग 1,300 अंकों की कमजोरी से 76,259.03 अंक तक जा फिसला था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सभी 30 के स्टॉक लाल निशान पर रुके।
निफ्टी 516.65 अंक टूटकर 23,882.05 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 516.65 अंक यानी 2.12 प्रतिशत टूटकर 23,882.05 अंक पर बंद हुआ। यह सूचकांक भी एक समय लगभग 593 अंकों की गिरावट से 23,805.20 अंक तक जा गिरा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ चार के शेयर हरे निशान पर रुके और शेष 46 में गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों के 8.24 लाख करोड़ रुपये डूबे
चौतरफा बिकवाली के बीच आज BSE पर लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक घट गया। पिछले कारोबारी सत्र यानी सात जुलाई को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 4,79,67,747.45 करोड़ रुपये था, जो आज घटकर 4,71,43,106.56 करोड़ रुपये रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में 8,24,640.89 करोड़ रुपये की गिरावट रही।
इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.02% गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में वैसे तो सभी 30 स्टॉक लाल निशान पर रुके। लेकिन इनमें इंटरग्लोब एविएशन के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.02 फीसदी गिरे। मारुति, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी ज्यादा नुकसान में रहे। वहीं
ब्रेंट क्रूड के भाव में 6.19 प्रतिशत की उछाल
ट्रंप की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 6.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 393.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
