केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला, 2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने का दावा

लखनऊ, 12 नवंबर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव को अहंकार से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता हर बार उनके अहंकार को चूर-चूर करती रही है। चुनाव से पहले बड़े-बड़े दावे करना और जीत के मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना उनकी राजनीतिक आदत बन चुकी है। मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी।

बुधवार को जारी बयान में उप मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अखिलेश यादव ने 400 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन जनता ने उनके दावों की हकीकत बता दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सपा समर्थित गुंडों, माफिया, अपराधियों और अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, जिसे प्रदेश की जनता आज भी भूली नहीं है।

पिछड़ों और दलितों के हितैषी होने का ढोंग कर रहे अखिलेश: केशव मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर पिछड़ों और दलितों की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इन वर्गों की हितैषी होने का केवल दिखावा कर रही है। उनके मुताबिक, सपा का पिछड़े और दलित समाज के प्रति न पहले सम्मान था, न आज है और न भविष्य में होगा। उन्होंने कहा कि पिछड़े और दलित समाज के लोग सपा की राजनीतिक नौटंकी और बयानबाजी को अच्छी तरह समझते हैं। सच्चे पीडीए वर्ग का अखिलेश यादव पर भरोसा नहीं है।

2024 की जीत को स्थायी ताकत न समझे सपा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली सफलता को समाजवादी पार्टी अपनी स्थायी राजनीतिक ताकत समझने की भूल न करे। अखिलेश यादव को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने का अधिकार है, लेकिन उनके सपने हकीकत में बदलने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2027 में एक बार फिर भाजपा के पक्ष में जनादेश देगी।

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा: मौर्य

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पार्टी देशहित, जनहित, गरीबों, किसानों और महिला कल्याण जैसे मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना और देश की प्रगति को रोकना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का देश और जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है।

बाबरी ढांचे के विध्वंस को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

केशव मौर्य ने अयोध्या में छह दिसंबर को बाबरी ढांचे के विध्वंस को लेकर भी कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि कोई भारत की बेटी या बहू स्वयं को मानता है तो छह दिसंबर को बाबरी के कलंकित ढांचे के ध्वस्त होने पर उसे गर्व महसूस होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस घटना पर शर्म महसूस करते हैं, उनकी आंखों में आंसू आते हैं और आतंकवादियों के प्रति प्रेम उमड़ता है। ऐसे लोगों से राष्ट्रभक्ति की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।

उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम लेते हुए कहा कि देश की जनता उनके मन में चल रही बातों को समझती है। मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को नुकसान पहुंचाने वाली और अंतरराष्ट्रीय शक्तियों के इशारे पर काम करने वाली साजिशों का केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जागरूक जनता कांग्रेस के इरादों को समझ चुकी है।

2047 तक भाजपा सरकार का दावा, सपा-कांग्रेस पर भी निशाना

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। मौर्य ने भविष्य के चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2032, 2037, 2042 और 2047 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने तक समाजवादी पार्टी सत्ता से दूर रहेगी और कांग्रेस की देश की सत्ता में वापसी का सपना भी पूरा नहीं होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular