IND vs NZ 3rd ODI : बारिश ने फिर बिगाड़ा खेल, बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुआ तीसरा वनडे; भारत सीरीज में 2-0 से आगे

हैमिल्टन, 10 नवंबर। IND vs NZ 3rd ODI : भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। मंगलवार को सेडन पार्क में खेले जाने वाले इस मैच में लगातार बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। आखिरकार अंपायरों ने लंबे इंतजार के बाद मुकाबले को रद्द करने का फैसला किया। हालांकि, टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से आगे बनी हुई है।

पिछले करीब 12 घंटों से हैमिल्टन में हो रही भारी बारिश के कारण मुकाबले पर पहले से ही संकट के बादल मंडरा रहे थे। कुछ समय के लिए बारिश रुकी तो ग्राउंड स्टाफ ने मैदान को खेलने लायक बनाने की कोशिश शुरू की, लेकिन मौसम ने फिर करवट ले ली और मैदान पर दोबारा कवर्स डालने पड़े।

दो घंटे की देरी से हुआ टॉस, फिर लौटी बारिश

बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते मुकाबले में करीब दो घंटे की देरी हुई। इसके बाद टॉस कराया गया, जिसमें भारतीय कप्तान ने लगातार तीसरी बार बाजी मारी और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन टॉस के कुछ ही मिनट बाद बारिश फिर शुरू हो गई। पिच को दोबारा ढकना पड़ा और काफी इंतजार के बाद मैच रद्द घोषित कर दिया गया।

पहले दो वनडे में भी बारिश ने डाला खलल

इस सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले भी बारिश से प्रभावित रहे थे। भारत ने ऑकलैंड में पहला वनडे डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत पांच विकेट से जीता था। वहीं, वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में भी बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 113/7 के स्कोर पर थी। उस समय भारत DLS पार स्कोर से चार रन आगे था, जिसके चलते टीम इंडिया को विजेता घोषित किया गया।

आखिरी दो मैचों में बदली नजर आएगी टीम इंडिया

सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में भारतीय टीम अलग संयोजन के साथ मैदान पर उतर सकती है। श्रेयस अय्यर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि शुभमन गिल टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए अन्य टेस्ट खिलाड़ियों के साथ जुड़ेंगे। अब दोनों टीमों के बीच चौथा वनडे शुक्रवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला जाएगा। इसके बाद रविवार को पांचवां और आखिरी मुकाबला होगा। भारतीय टीम की कोशिश सीरीज में अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए जीत के साथ दौरे को आगे बढ़ाने की होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular