FIFA विश्व कप 2026 : स्विट्जरलैंड 72 वर्षों बाद अंतिम 8 में, कोलंबिया को पेनाल्टी शूटआउट में हरा पूरी की क्वार्टर फाइनल लाइनअप

वैंकुवर, 8 जुलाई। स्विट्जरलैंड ने मंगलवार को यहां पेनाल्टी शूटआउट तक खिंचे रोमांचक व संघर्षपूर्ण मुकाबले में   कोलंबिया को 4-3 से हराकर FIFA विश्व कप 2026 की क्वार्टर फाइनल लाइनअप पूरी कर दी।

निर्धारित व अतिरिक्त समय में गोलरहित बराबरी के बाद रूबेन वर्गास ने निर्णायक पेनाल्टी किक मारी और स्विस टीम को 72 वर्षों (1954) बाद क्वार्टर फाइनल का टिकट दिला दिया। विश्व कप में 12 बार भागीदारी के बीच चौथी बार अंतिम आठ में पहुंची स्विस टीम अब पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए गत चैम्पियन अर्जेंटीना से खेलेगी।

रूबेन वर्गास बोले- निर्णायक मौका भुना पाना वाकई शानदार

रूबेन वर्गास ने कहा, ‘मुझे पता भी नहीं था कि मैं खेल पाऊंगा या नहीं। मैं बस शुक्रगुजार हूं कि टीम की मदद कर सका। पेनाल्टी से पहले मुझे बहुत आत्मविश्वास महसूस हो रहा था। निर्णायक मौका भुना पाना वाकई शानदार है।’

मैच से पहले कोलंबियाई टीम को एक बड़ा झटका लगा, जब पता चला कि टीम के उभरते हुए स्टार जोहान मंजाम्बी घुटने की चोट के कारण बाहर हो गए हैं। इस फुर्तीले अटैकर की कमी पहले हाफ में साफ महसूस की गई, जिसमें कोलंबिया का दबदबा तो रहा, लेकिन वह कोई साफ मौका नहीं बना पाया।

बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमें 90 मिनट के निर्धारित समय में एक भी गोल नहीं कर सकी, जिसके बाद मैच अतिरिक्त समय में चला गया। अतिरिक्त समय में और रोमांच देखने को मिला। कोलंबिया के जॉन लुकुमी का हेडर क्रॉसबार से टकराया, स्विस सब्स्टीट्यूट जेकी अमदौनी की कोशिश को वर्गास ने रोका और जैमिंटन कैम्पाज ने गेंद को ऊपर मार दिया जबकि गोल करना आसान लग रहा था। अंततः 30 मिनट के अतिरिक्त समय में भी नतीजा नहीं नकल सका।

अंततः पेनाल्टी शूटआउट लागू किया गया, सांचेज की किक क्रॉसबार के निचले हिस्से से टकराई और हर्नांडेज की कोशिश को कोबेल ने रोक दिया, जिसके बाद वर्गास ने निर्णायक गोल करके स्विस टीम को आगे पहुंचा दिया।

क्वार्टर फाइनल लाइनअप

राउंड ऑफ 16 के इस आखिरी मैच के साथ क्वार्टर फाइनल की लाइनअप भी तय हो गई। पहला क्वार्टर फाइनल नौ जुलाई को फ्रांस व मोरक्को के बीच खेला जाएगा। उसके बाद स्पेन व बेल्जियम 10 जुलाई को आमने-सामने होंगे। 11 जुलाई को दो क्वार्टर फाइनल खेले जाएंगे, जिसमें नॉर्वे बनाम इंग्लैंड और अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड आमने-सामने होंगे।

न्यूयॉर्क में 19 जुलाई को होगा समापन

डलास व अटलांटा में क्रमशः 14 व 15 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे जबकि 19 जुलाई को न्यूयॉर्क में खिताबी मुकाबले के साथ फुटबॉली महाकुम्भ 2026 का समापन होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular