1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. TMC छोड़ चुके तीन पूर्व सांसदों ने थामा भाजपा का दामन, विधानसभा चुनाव के बाद राज्यसभा से दिया था इस्तीफा
TMC छोड़ चुके तीन पूर्व सांसदों ने थामा भाजपा का दामन, विधानसभा चुनाव के बाद राज्यसभा से दिया था इस्तीफा

TMC छोड़ चुके तीन पूर्व सांसदों ने थामा भाजपा का दामन, विधानसभा चुनाव के बाद राज्यसभा से दिया था इस्तीफा

0
Social Share

कोलकाता, 9 जुलाई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी पराजय के चलते डेढ़ दशक से जारी सत्ता छिनने के बाद ममता बनर्जी की अगुआई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) एकदम से छिन्न भिन्न हो गई लगती है। अब ताजा घटनाक्रम के तहत TMC के तीन पूर्व सांसद – सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बारिक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। इन तीनों नेताओं ने पिछले माह राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ टीएमसी भी छोड़ दी थी।

सामिक भट्टाचार्य ने सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर व प्रकाश चिक को दिया भाजपा का झंडा

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में इन तीनों नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया। भट्टाचार्य ने पार्टी के साल्ट लेक ऑफिस में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व सांसदों को भाजपा का झंडा देकर उनका स्वागत किया। इस कार्यक्रम में राज्य के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद देव, राय और बारिक ने पिछले महीने राज्यसभा और तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। भट्टाचार्य ने कहा कि इन तीनों पूर्व सांसदों का अनुभव राज्य में पार्टी को और मजबूत करेगा।

सामिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘34 वर्षों तक लेफ्ट फ्रंट का शासन रहा, उसके बाद तृणमूल कांग्रेस का शासन आया। पश्चिम बंगाल में इतने लंबे समय तक जो राजनीति चली, उसने हमारे संघीय ढांचे को नकारा और उसका विरोध किया। केंद्र के साथ सहयोग करने के बजाय टकराव का रास्ता अपनाया गया, जिससे सारा विकास रुक गया। इसी माहौल में, और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए, तीन सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। आज सुष्मिता देव, प्रकाश चिक बारिक और सुखेंदु शेखर रॉय भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। ये तीनों दिग्गज नेता हैं और राज्यसभा में इनका काम सभी जानते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘यह हमारे लिए खुशी का मौका है और पूरी बीजेपी खुश है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से, और राज्य अध्यक्ष के तौर पर, मैं—अपने कार्यकर्ताओं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, पूरी कैबिनेट और पूरे संगठन के साथ इन तीनों नेताओं का पूरे दिल से और बहुत खुशी के साथ स्वागत करता हूं।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code