बैंकिंग सेक्टर ने शेयर बाजार को लगातार दूसरे दिन दी तेजी, सेंसेक्स 427 अंक चढ़ा, निफ्टी 96 अंक मजबूत

मुंबई, 17 नवम्बर। वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बावजूद बैंकिंग सेक्टर व रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी ने घरेलू शेयर बाजार को लगातार दूसरे दिन तेजी प्रदान की और मंगलवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 427 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी में 96 अंकों की मजबूती रही। विदेशी पूंजी का प्रवाह जारी रहने और कच्चे तेल की कीमतों में आ रही नरमी का भी निवेशेकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।

सेंसेक्स 427.40 अंक बढ़कर 82,532.19 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 792.70 अंक यानी 0.96 प्रतिशत चढ़कर 82,897.49 तक पहुंच गया था। हालांकि अंतिम घंटे में मुनाफा वसूली से तेजी नरम पड़ गई। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर मजबूत हुए तो 12 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 96.30 अंकों की बढ़त से 25,387.40 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 96.30 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,387.40 अंक पर बंद हुआ, जो एक समय 210 अंकों की बढ़त से 25,501.35 तक जा पहुंचा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 27 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 23 में कमजोरी रही।

एक्सिस बैंक का शेयर सर्वाधिक 2.06 फीसदी चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एक्सिस बैंक का शेयर सर्वाधिक 2.06 फीसदी चढ़ा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के स्टॉक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयरों में गिरावट का रुख देखा गया।

एफआईआई ने 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.26 प्रतिशत बढ़कर 92.68 डॉलर प्रति बैरल पर था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular