दुबई, एक अक्टूबर। एक दिन पहले ही दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की उड़ान को भयावह हादसे से बचाने वाले हीरो भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार तेजी से ठीक हो रहे हैं और अब खतरे से बाहर हैं। इस बीच गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने कैप्टन स्मित से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार की हालत स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
उड़ान के दौरान ओमानी मूल के को-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे मच्छार
उल्लेखनीय है कि बुधवार की पूर्वाह्न फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान एक ओमानी मूल के को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल लगभग 180 यात्रियों व क्रू मेंबर्स को बचाया। इसी क्रम में उन्होंने सऊदी अरब के तबुक हवाईअड्डे पर विमान की आपात लैंडिंग कराई।
डॉ. दीपक मित्तल बोले – कैप्टन के स्वास्थ्य में तेजी से हो रहा सुधार
UAE में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने कहा कि उन्होंने UAE में कैप्टन मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की और पाया कि पायलट का मनोबल ऊंचा है। राजदूत ने कहा, ‘घटना में घायल हुए कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य़ में तेजी से सुधार हो हो रहा है। मुलाकात के दौरान वह खुलकर बात कर रहे थे, मुस्कुरा और हंस रहे थे, जो हमारे लिए और सबसे बढ़कर उनके परिवार के लिए बहुत बड़ी राहत की बात थी।’ राजदूत ने बताया कि कैप्टन का अच्छा इलाज चल रहा है और भारतीय दूतावास UAE के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।
H.E. Dr. Deepak Mittal, Amb of India to UAE @d_mittal73 visited Captain Smit Machchhar and his family at the hospital. The Ambassador said, “He was speaking openly, smiling and laughing, which was a great relief for us and, above all, for his family.”
Amb said that the Captain… https://t.co/Yk0g9irA7H
— India in Dubai (@cgidubai) October 1, 2026
यूएई में भारतीय दूतावास ने दी ये जानकारी
वहीं यूएई स्थित भारतीय मिशन ने कहा, ‘दूतावास उनका निरंतर इलाज और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।’ रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार रात कहा कि भारतीय पायलट उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। इसने कहा कि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कैप्टन मच्छार को आज ही दुबई लाया गया
इस बीच कैप्टन स्मित मच्छार को आज ही सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर संयुक्त अरब अमीरात लाया गया था। इससे पहले तबुक में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद उनका इलाज चल रहा था। फ्लाईदुबई के उस विमान में यात्रा करने वाले इजरायली यात्रियों ने बताया था कि कैप्टन स्मित मच्छार हमले में बुरी तरह घायल हुए थे और उनके शरीर से काफी खून बहा था।
नेतन्याहू, ट्रंप, मोदी ने की कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। वहीं भारत में इजराइली राजदूत ने कहा है कि उनका देश कैप्टन स्मित मच्छार को अपने देश के वीरता पुरस्कार से भी सम्मानित करेगा।


