
भाजपा की जीत पर बोले तेजस्वी यादव – ‘दिल्ली वाला फार्मूला बिहार में काम नहीं आएगा’
पटना, 9 फरवरी। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिल्ली वाला फार्मूला बिहार में काम नहीं आएगा। यह बिहार है। बिहार को समझना इतना आसान नहीं है।
‘जनता ही मालिक है, जिसे चाहती है, उसे सत्ता में लाती है‘
राजद नेता तेजस्वी दिल्ली से आज ही पटना लौटे और एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘जनता ही मालिक है और वही फैसला करती है। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। जनता जिसे चाहती है, उसे सत्ता में लाती है। निश्चित रूप से 27 वर्षों बाद भाजपा की सरकार बन रही है। हमारी उम्मीद है कि वे अपने वादों को पूरा करेंगे और यह केवल जुमलेबाजी तक सीमित नहीं रहेगा।’
वहीं, एनडीए नेताओं के ‘दिल्ली झांकी है, बिहार अभी बाकी है’ वाले बयान पर तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यह बिहार है, यहां समझना पड़ेगा। लेकिन बिहार को समझना इतना आसान नहीं है। बिहार में आने के बाद उन्हें समझ में आएगा कि यहां उन्हें क्या करना होगा। इसलिए बिहार को समझना आसन नहीं होने वाला है।
बिहार में समय से पहले ही चुनाव की चर्चा फिर शुरू
इस बीच दिल्ली में भाजपा की जीत के बाद बिहार में समय से पहले ही चुनाव की चर्चा फिर शुरू हो गई है। होली बाद चुनाव आयोग की टीम के बिहार आने की चर्चा है। इसे बिहार में समय से पहले चुनावी आहट के रूप में महसूस किया जा रहा है। तेजस्वी को इस बार महागठबंधन की सरकार बनने की पूरी उम्मीद है। हालांकि दिल्ली चुनाव परिणाम देख कर उनका मनोबल कमजोर पड़ने से इनकार नहीं किया जा सकता।