यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, शनिवार को ऋषिकेश में होगा अंतिम संस्कार

देहरादून/ लखनऊ, 20 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक है।

सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद कर सीएम योगी रवाना

मां सावित्री देवी के निधन के बाद सीएम योगी के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद कर दिए गए। मुख्यमंत्री का आज ही गोंडा जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन वह गोरखपुर से लखनऊ के रास्ते सीधे उत्तराखंड अपने पैतृतक आवास के लिए रवाना हो गए, जहां अपनी मां के अंतिम दर्शन करेंगे। सावित्री देवी के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर किया जाएगा।

सीएम योगी की मई में हुई थी मां से आखिरी मुलाकात

सीएम योगी की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी वर्ष मई में हुई थी। सात मई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। आठ मई को उन्होंने अपने पैतृक आवास पर मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। अब मां के निधन की खबर ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है।

वस्तुतः सीएम योगी का अपने पैतृक गांव और परिवार से गहरा जुड़ाव रहा है। हालांकि, संन्यास लेने के बाद उनकी पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं। अंततः मई में मां से हुई यह मुलाकात उनकी आखिरी मुलाकात बन गई।

उत्तराखंड के सीएम धामी ने जताया दुख

इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूपी के सीएम योगी की माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख जताया गया है। सीएम धामी ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी, श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एक मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल निधि होती हैं। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और माननीय योगी जी तथा शोक संतप्त पूरे परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular