
दिल्ली चुनाव : NDA के सहयोगी दलों – JDU व LJP(R) को हाथ लगी निराशा, पूर्वांचलियों का दिखा दबदबा
नई दिल्ली, 9 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भले ही जबर्दस्त सफलता हासिल की, लेकिन 70 में से जो दो सीटें उसने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के अपने सहयोगी दलों जदयू (JDU) और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को दीं, उन्हें निराशा हाथ लगी।
बुराड़ी से जदयू और देवली (सुरक्षित) से LJP(R) प्रत्याशी हारे
जदयू को बुराड़ी सीट मिली थी जबकि लोजपा(रा) के हिस्से में देवली सीट आई थी। लेकिन दोनों ही सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जीत हासिल करने में सफल रहे। बुराड़ी सीट पर AAP प्रत्याशी संजीव झा ने जदयू उम्मीदवार शैलेंद्र कुमार को 20601 वोटों से हराया जबकि देवली (सुरक्षित) सीट पर ‘आप’ प्रत्याशी प्रेम चौहान ने LJP(R) प्रत्याशी दीपक तंवर को 36680 वोटों से परास्त किया।
दरअसल, भाजपा ने दिल्ली में पूर्वांचली मतदाताओं को साधने के लिए ये दोनों सीटें जदयू और लोजपा(रा) को दी थीं। लेकिन, एनडीए के सहयोगी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। दिलचस्प यह रहा कि देवली सीट पर पशुपति कुमार पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) ने भी अपना उम्मीदवार उतार दिया था। रालोजपा की तरफ से देविका ने अपनी उम्मीदवारी पेश की थी, लेकिन उनको महज 538 वोट ही मिले।
20 से अधिक सीटों पर बिहार समेत पूर्वांचल के वोटरों का दबदबा रहा
फिलहाल कुल मिलाकर देखें तो 70 सीटों में 20 से अधिक सीटों पर बिहार समेत पूर्वांचल के वोटरों का दबदबा रहा, जिन्होंने करीब दो दर्जन सीटों पर अपनी ताकत दिखाकर चुनाव में जीत-हार तय किया। दूसरे शब्दों में कहें तो इन्हीं 20 सीटों के अंतर ने दिल्ली की सत्ता भी पलट दी।
बिहार के मूल निवासी 5 प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
इसी क्रम में मूलरूप से बिहार के निवासी पांच उम्मीदवारों (तीन भाजपा और दो AAP) ने भी जीत दर्ज की है। भाजपा से अभय वर्मा, डॉ. पंकज कुमार सिंह और चंदन कुमार चौधरी विजयी रहे जबकि आम आदमी पार्टी से अनिल झा व संजीव झा ने जीत दर्ज की है। दरभंगा के अभय वर्मा ने लक्ष्मी नगर, बक्सर में जन्मे डॉ. पंकज कुमार सिंह ने विकासपुरी और खगड़िया के चंदन कुमार चौधरी ने संगम विहार से जीत दर्ज की। वहीं मधुबनी से ताल्लुक रखने वाले अनिल झा ने किराड़ी और संजीव झा ने बुराड़ी से जीत हासिल की।
पेशे से वकील और दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने लक्ष्मी नगर सीट से ‘आप’ के बीबी त्यागी को 11,542 वोटों से हराया। चंदन कुमार चौधरी ने संगम विहार सीट से ‘आप’ के दिनेश मोहनिया को मात्र 344 वोटों से हराया। डॉ. पंकज कुमार सिंह ने विकासपुरी सीट से ‘आप’ प्रत्याशी महिंदर यादव के खिलाफ 12,876 वोटों से जीत हासिल की है। संजीव झा ने बुराड़ी सीट से जदयू के शैलेंद्र कुमार को 20,601 वोटों से हराया जबकि अनिल झा ने किराड़ी विधानसभा सीट पर भाजपा के बजरंग शुक्ला को 21,871 वोटों से हराया है।