पीएम मोदी से भेंट के बाद बालेंद्र शाह ने जताया भारत का आभार, बोले- संकट में हमेशा मिला साथ

नई दिल्ली, 23 नवम्बर। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को यहां अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ हुई वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस बयान में भारत सरकार व भारतीय जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारत को ‘भरोसेमंद और विश्वसनीय पड़ोसी’ बताते हुए भारत यात्रा का निमंत्रण देने और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए पीएम मोदी का दिल से धन्यवाद किया।

बालेंद्र शाह ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और कठिन समय में भारत हमेशा सबसे पहले मदद के लिए आगे आया है। आपसी सम्मान, विश्वास और सद्भावना भारत-नेपाल संबंधों की मजबूत नींव हैं और दोनों देशों के लोगों के बीच का रिश्ता इस साझेदारी का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

‘हिमालय की तरह अडिग और महासागर की तरह विशाल हैं हमारे रिश्ते’

नेपाली पीएम शाह ने कहा, ‘आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना भारत-नेपाल संबंधों की बुनियाद हैं। इस अनोखे रिश्ते के केंद्र में हमारे दोनों देशों के लोग हैं। नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह अडिग और महासागर की तरह विशाल हैं। इन रिश्तों की गहराई को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना मुश्किल है। एक भरोसेमंद और विश्वसनीय पड़ोसी के रूप में भारत प्राकृतिक आपदाओं और कठिन समय में हमेशा सबसे पहले मदद के लिए खड़ा रहा है। इसके लिए मैं भारत सरकार और भारत की जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।’

ऐतिहासिक रिश्तों को आधुनिक साझेदारी में बदलने पर जोर

बालेंद्र शाह ने कहा कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई बातचीत का उद्देश्य सदियों पुराने ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत तथा आधुनिक बनाना था। बातचीत खुलकर, गंभीरता से और भविष्य को ध्यान में रखकर हुई। इसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई और सहयोग के कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सहमतियां बनीं। इसके साथ ही कई अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।

किसानों, युवाओं और उद्यमियों तक पहुंचेगा फैसलों का लाभ

उन्होंने कहा, ‘हमारा उद्देश्य सिर्फ समझौतों तक सीमित नहीं है। आज जो फैसले लिए गए हैं और जिन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, उनका लाभ किसानों के खेतों तक पहुंचे, युवाओं को रोजगार और नए अवसर मिलें, छात्रों के सपनों को नई उड़ान मिले और उद्यमियों को नए बाजार, निवेश और कारोबार के अवसर प्राप्त हों।’

बालेंद्र शाह ने विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां भारत और नेपाल के रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि आज की जरूरत है कि दोनों देश अपने मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की नींव पर भविष्य के लिए और मजबूत स्तंभ तैयार करें।

राम और माता जानकी के समय से जुड़े हैं दोनों देशों के संबंध

नेपाली पीएम ने भारत और नेपाल के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत का संबंध भगवान राम और माता जानकी के पवित्र युग से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि इससे निबटने के लिए दोनों देशों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा, ‘हिमालय से निकलकर गंगा में मिलने वाली पवित्र नदियां हमें हमारे साझा भविष्य और भाग्य की याद दिलाती हैं। ये हमें बताती हैं कि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए सामूहिक प्रयास कितने जरूरी हैं। नेपाल और भारत भगवान राम और माता जानकी के समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों से जुड़े हुए हैं।’

रेल संपर्क को बताया संबंधों को मजबूत करने वाला कदम

अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस के जरिए सोमवार को रेल संपर्क परियोजना के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए शाह ने इसे दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस रेल संपर्क के उद्घाटन से दोनों देशों के बीच सदियों पुराने रिश्तों को और जीवंत बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्वजों द्वारा रखी गई मजबूत ऐतिहासिक नींव के आधार पर अब दोनों देशों की जिम्मेदारी है कि आपसी विश्वास, सहयोग और साझा समृद्धि के जरिए भारत-नेपाल संबंधों को ऐसी विकास साझेदारी में बदलें, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसर पैदा करे।

पीएम मोदी को नेपाल आने का दिया निमंत्रण

बालेंद्र शाह ने नेपाल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया। अपने बयान के अंत में उन्होंने भारत-नेपाल मित्रता की कामना करते हुए कहा, ‘नेपाल और भारत की दोस्ती ऐसी हो, जहां विश्वास हिमालय जितना ऊंचा हो, सहयोग नदी की तरह लगातार बहता रहे और दोनों देशों की समृद्धि हमारे साझा आसमान के नीचे लगातार फलती-फूलती रहे।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular