Share Market: सेंसेक्स 707 अंक टूटा, निफ्टी 23,250 के नीचे; मेटल-रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली

मुंबई, 11 सितंबर: भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को कमजोर शुरुआत की। सेंसेक्स 707 अंक से ज्यादा टूटकर 74,192 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी करीब 238 अंक गिरकर 23,238 पर आ गया। बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान चौतरफा बिकवाली देखने को मिली। मेटल और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव रहा। सुबह करीब 9:16 बजे सेंसेक्स 707 अंक या 0.95 फीसदी की गिरावट के साथ 74,192 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 238 अंक या 1 फीसदी की कमजोरी के साथ 23,238 पर था।

  • मेटल और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

शुरुआती कारोबार में निफ्टी मेटल और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बाजार के टॉप लूजर्स में शामिल रहे। इसके अलावा निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी ऑटो, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी इंफ्रा, निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इस दौरान सिर्फ निफ्टी आईटी इंडेक्स हरे निशान में नजर आया।

  • मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी दबाव में

बाजार की गिरावट का असर सिर्फ लार्जकैप शेयरों तक सीमित नहीं रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 868 अंक यानी 1.40 फीसदी गिरकर 61,488 पर था। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 284 अंक यानी 1.33 फीसदी की गिरावट के साथ 19,756 पर कारोबार कर रहा था।

  • सेंसेक्स के इन शेयरों में तेजी

सेंसेक्स पैक में शुरुआती कारोबार के दौरान टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक, आईटीसी, भारती एयरटेल, टीसीएस और अदाणी पोर्ट्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं बजाज फाइनेंस, एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, इटरनल, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स और मारुति सुजुकी गिरावट में थे।

  • ग्लोबल मार्केट से भी कमजोर संकेत

भारतीय बाजार को वैश्विक बाजारों से भी सकारात्मक संकेत नहीं मिले। शुक्रवार को टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सियोल और जकार्ता के प्रमुख बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए। डॉव जोन्स में 0.60 फीसदी और नैस्डैक में 0.65 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

  • मिडिल ईस्ट तनाव और महंगा कच्चा तेल बढ़ा रहे चिंता

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव शेयर बाजार के लिए बड़ी चिंता बन रहा है। इसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है और ब्रेंट क्रूड करीब 108 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। जानकारों का कहना है कि अगर कच्चे तेल की कीमत लंबे समय तक इस स्तर पर बनी रहती है या और बढ़ती है, तो इसका असर भारत की GDP ग्रोथ और कॉरपोरेट कंपनियों की कमाई पर पड़ सकता है। इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी भी बाजार के लिए एक बड़ी चुनौती है। 10 साल की अमेरिकी बॉन्ड यील्ड करीब 4.96 फीसदी पर पहुंच गई है और 5 फीसदी के स्तर के करीब है। विशेषज्ञ इसे ग्लोबल इक्विटी मार्केट के लिए महत्वपूर्ण स्तर मान रहे हैं। बाजार में आगे भी उतार-चढ़ाव बने रहने की आशंका है। हालांकि, वैश्विक शेयर बाजार में बड़ी गिरावट कब आएगी, इसका सटीक अनुमान लगाना फिलहाल मुश्किल है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular