भंडारा, 11 सितंबर: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसा नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंपलगांव के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बोलेरो में 16 से 17 लोग सवार थे। सभी यात्री छत्तीसगढ़ से तीज त्योहार के लिए नागपुर जा रहे थे।
- खड़े ट्रक में जा घुसी बोलेरो
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 3 बजे मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हुआ। सड़क पर खड़े ट्रक से बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बोलेरो से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
- मौके पर 8 लोगों ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक महिला को इलाज के लिए नागपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले तीन बच्चों की उम्र 5 साल से कम बताई जा रही है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
- ड्राइवर समेत कई लोग घायल
हादसे में बोलेरो चालक समेत कई यात्री घायल हुए हैं। चालक और तीन बच्चों को भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को इलाज के लिए नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे ने बताया कि हादसा मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हुआ। उनके मुताबिक, रात करीब 3 बजे सड़क पर खड़े ट्रक को बोलेरो ने टक्कर मार दी। घायलों को पहले साकोली स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भंडारा रेफर किया गया। इसके बाद कुछ घायलों को नागपुर के जीएमसी भेजा गया।
- तीज त्योहार के लिए नागपुर जा रहे थे सभी यात्री
हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के एक परिचित ने बताया कि सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर आ रहे थे और तीज त्योहार मनाने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में उनकी भांजी सरिता वर्मा भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि खड़ा ट्रक सड़क पर किस स्थिति में था और बोलेरो चालक को ट्रक दिखाई क्यों नहीं दिया।


