1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. कनाडा ओपन : श्रीकांत चोटिल, आकर्षि व तान्या दूसरे दौर में
कनाडा ओपन : श्रीकांत चोटिल, आकर्षि व तान्या दूसरे दौर में

कनाडा ओपन : श्रीकांत चोटिल, आकर्षि व तान्या दूसरे दौर में

0
Social Share

मार्खम (कनाडा), 2 जुलाई। पिछले रविवार को यूएस ओपन 300 में उप विजेता रहे भारत के अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत को कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मायूसी झेलनी पड़ी, जब उन्होंने फिटनेस संबंधी परेशानी के कारण पहले दौर का मुकाबला बीच में ही छोड़ दिया। हालांकि महिला एकल में तान्या हेमनाथ और आकर्षि कश्यप ने दूसरे दौर प्रवेश कर लिया।

मार्खम पैन एम सेंटर के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के तीसरे मैच में चौथी सीड श्रीकांत पेरिस ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता मलेशियाई ली जी जिया के खिलाफ 10-11 से पिछड़ रहे थे। इसी दौरान 33 वर्षीय भारतीय शटलर ने कोच बी. साई प्रणीत से चर्चा के बाद मैच से हटने का फैसला किया।

उधर कोर्ट नंबर तीन पर आकर्षि कश्यप ने फ्रांस की अन्ना तात्रानोवा को 35 मिनट में 21-14, 21-12 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया, जहां उनका सामना अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त बेईवेन झांग से होगा। तान्या हेमनाथ ने कोर्ट नंबर दो पर अमेरिका की दिशा गुप्ता को 35 मिनट में 21-16, 21-18 से शिकस्त दी और अब उनका मुकाबला जापान की रिको गुंजी से होगा।

9 भारतीय शटलरों में 7 पहले ही दौर में हारे

वैसे देखा जाए तो भारतीय खिलाड़ियों के लिए कुल मिलाकर दिन निराशाजनक रहा। बुधवार को उतरे नौ भारतीय खिलाड़ियों में से सात पहले ही दौर में बाहर हो गए। पांचवीं वरीयता प्राप्त देविका सिहाग चीनी ताइपे की तुंग सिउ-तोंग के हाथों 14-21, 15-21 से हार गईं तो कनाडा की रेचल चान के खिलाफ रक्षिता रामराज ने एक घंटे तक कड़ा संघर्ष किया, लेकिन 15-21, 21-14, 15-21 से हारकर बाहर हो गईं।

इस वर्ष अबू धाबी में अल ऐन मास्टर्स सुपर 100 का खिताब जीतने वाली श्रियंशी वालिशेट्टी को चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पी के हाथों 9-21, 18-21 से पराजय झेलनी पड़ी। अनमोल खरब ने शीर्ष वरीयता प्राप्त मेजबान खिलाड़ी मिशेल ली को 51 मिनट तक कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह 6-21, 26-24, 13-21 से मुकाबला गंवा बैठीं।

पुरुष एकल में सनीत दयानंद और शंकर सुब्रमण्यन भी पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सके। सनीत को जापान के तीसरी वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोटो ने 21-7, 21-11 से हराया, जबकि शंकर को दक्षिण कोरिया के यू ते-बिन ने 66 मिनट में 19-21, 21-15, 21-15 से मात दी। पुरुष युगल में भारत की एकमात्र जोड़ी अच्युतादित्य राव दोड्डावरापु व अर्जुन रेड्डी पोचाना भी शुरुआती दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code