1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर, देहरादून के सभी स्कूल बंद, सीएम धामी ने जारी किया हाई अलर्ट
उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर, देहरादून के सभी स्कूल बंद, सीएम धामी ने जारी किया हाई अलर्ट

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर, देहरादून के सभी स्कूल बंद, सीएम धामी ने जारी किया हाई अलर्ट

0
Social Share

देहरादून, 5 अगस्त। उत्तराखंड में बुधवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे प्रदेश में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में नदियां और बरसाती गधेरे उफान पर हैं, जबकि पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

कई मार्ग प्रभावित, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
भारी बारिश के चलते कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रशाoसन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के किनारे नहीं जाने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

अगले 24 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
जिला मजिस्ट्रेट आशीष चौहान की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मौसम विज्ञान विभाग देहरादून और एनडीएमए के ‘सचेत’ पोर्टल के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में जिले के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर भी पड़ सकते हैं। इसी को देखते हुए देहरादून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देहरादून जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बुधवार के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए हाई अलर्ट के निर्देश
प्रदेश में लगातार बिगड़ते मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code