1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. टेस्ट सीरीज : भारतीय क्रिकेट टीम ओपनर सुदर्शन के बिना कोलंबो पहुंची
टेस्ट सीरीज : भारतीय क्रिकेट टीम ओपनर सुदर्शन के बिना कोलंबो पहुंची

टेस्ट सीरीज : भारतीय क्रिकेट टीम ओपनर सुदर्शन के बिना कोलंबो पहुंची

0
Social Share

कोलंबो, 4 अगस्त। शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए मंगलवार शाम कोलंबो पहुंच गई। लेकिन टीम में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बी. साई सुदर्शन शामिल नहीं थे।

सुदर्शन अभी पूरी तरह फिट नहीं, सीओई में चोट से उबर रहे

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुदर्शन अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में मेडिकल स्टाफ की देखरेख में अपनी चोट से उबरने की प्रक्रिया में लगे हैं।

बीसीसीआई के सूत्र ने बताया, ‘सुदर्शन सीओई में ट्रेनिंग कर रहे हैं और पैर की अंगुली की चोट से उबरने की प्रक्रिया के दौरान एक घंटे से अधिक समय तक नेट्स पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके खेलने पर अंतिम फैसला लेने से पूर्व अगले तीन-चार दिन तक उनकी स्थिति की जांच जारी रहेगी।’

भारत ए के हालिया श्रीलंका दौरे में लगी थी पैर की अगुंली में चोट 

सुदर्शन को हाल ही में भारत ए के श्रीलंका दौरे के दौरान यह चोट लगी थी। सूत्र ने कहा, ‘यह पक्का करना जरूरी है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटने से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएं। हम ऐसी स्थिति नहीं चाहते जैसी (हर्षित) राणा के साथ हुई थी, जो शीर्ष स्तर के क्रिकेट में लौटने के तुरंत बाद फिर से चोटिल हो गए थे।’

सीरीज से पहले टीम इंडिया खेलेगी तीन दिनी अभ्यास मैच

भारतीय टीम 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए गॉल जाने से पहले सात अगस्त से कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब में तीन दिन का अभ्यास मैच खेलेगी। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा और मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि सुदर्शन उस मैच के लिए टीम के साथ जुड़ सकेंगे क्योंकि उन्होंने सीओई में नेट पर बल्लेबाजी शुरू कर दी है।

भारतीय टीम के श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम

  • अभ्यास मैच : 7–9 अगस्त (एनसीसी, कोलंबो)।
  • पहला टेस्ट : 15–19 अगस्त (गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम, गॉल)।
  • दूसरा टेस्ट : 23–27 अगस्त (सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो)।

भारतीय टीम : शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, आकिब नबी, देवदत्त पडिक्कल व सारांश जैन।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code