खेल मंत्रालय का IOA को निर्देश- पूर्व महिला हॉकी कप्तान लाकड़ा के आरोपों की जांच के लिए गठित करें समिति

नई दिल्ली, 16 जुलाई। खेल मंत्रालय ने भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा के आरोपों की जांच के लिये भारतीय ओलम्पिक संघ (IOA) को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी समिति के गठन का निर्देश दिया है। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार खेल मंत्रालय ने इस मामले में हॉकी इंडिया (HI) से स्पष्टीकरण भी मांगा है।

मंत्रालय ने इस मामले में हॉकी इंडिया से भी मांगा स्पष्टीकरण

उल्लेखनीय है कि लाकड़ा ने हॉकी में यौन उत्पीड़न के आरोपितों को बचाने, महिला खिलाड़ियों के साथ दुव्यर्वहार और धमकाने के आरोप लगाते हुए खेल मंत्रालय को पत्र लिखकर तुरंत दखल का अनुरोध किया था। उन्होंने हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया था।

असुंता का हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह पर भी धमकाने का आरोप

इसके बाद मंत्रालय ने हॉकी इंडिया को लाकड़ा द्वारा लगाये गए धमकी और उत्पीड़न के आरोपों की जांच उसकी आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) से कराने और उसका नतीजा मंत्रालय के साथ साझा करने को कहा था ।

HI अध्यक्ष टिर्की ने मंत्रालय को पत्र लिखकर स्वतंत्र जांच कराने का किया था अनुरोध

हालांकि हॉकी इंडिया के अध्यक्ष व पूर्व भारतीय कप्तान दिलीप टिर्की ने असुंता लाकड़ा द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और डराने-धमकाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए खेल मंत्रालय से स्वतंत्र जांच समिति गठित करने का अनुरोध कर दिया। टिर्की का कहना था कि चूंकि आरोप हॉकी इंडिया के एक पदाधिकारी से जुड़े हैं, इसलिए आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के जरिए जांच कराने पर निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ सकते हैं।

खेल मंत्रालय को भेजा ईमेल

टिर्की ने बुधवार को खेल मंत्रालय को भेजे गए ईमेल में कहा था, ‘हॉकी इंडिया इन आरोपों को बेहद गंभीरता से लेता है और खिलाड़ियों की सुरक्षा, गरिमा और संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हालांकि, चूंकि आरोप हॉकी इंडिया के कुछ पदाधिकारियों से जुड़े हैं, इसलिए मामले को हॉकी इंडिया की आईसीसी के पास भेजने से जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ सकते हैं।’ उन्होंने मंत्रालय से आग्रह किया कि मामले की जांच के लिए हॉकी इंडिया से असंबद्ध व्यक्तियों की स्वतंत्र जांच समिति गठित की जाए, ताकि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र तरीके से हो सके।

हर संभव सहयोग का भरोसा

दिलीप टिर्की ने अपने ईमेल में यह भी भरोसा दिलाया कि यदि मंत्रालय स्वतंत्र जांच समिति गठित करता है तो हॉकी इंडिया जांच में पूरा सहयोग करेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular