IOA एथलीट आयोग : सिंधु व मीराबाई सहित 10 खिलाड़ी निर्विरोध सदस्य निर्वाचित

नई दिल्ली, तीन नवम्बर। ओलम्पिक पदक विजेताद्वय पीवी सिंधु और मीराबाई चानू सहित 10 खिलाड़ियों को मंगलवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (IOA) के एथलीट आयोग का निर्विरोध सदस्य चुन लिया गया। निर्वाचन अधिकारी संजय के. श्रीवास्तव ने पांच पुरुष और पांच महिला सहित सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

आईओए एथलीट आयोग के निर्विरोध निर्वाचित सदस्य

पीवी सिंधु व मीराबाई चानू के अलावा IOA एथलीट आयोग  के निर्वाचित सदस्यों में राष्ट्रीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, पेरिस ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता शूटर स्वप्निल कुसाले, तलवारबाज भवानी देवी, गोला प्रक्षेपक तजिंदरपाल सिंह तूर, तीरंदाज बोम्बाल्या देवी, तैराक साजन प्रकाश और मंजीत सिंह (कैनोइंग व कायकिंग) शामिल हैं।

सुधा सिंह व किदांबी श्रीकांत के हटने से मतदान की जरूरत नहीं पड़ी

दरअसल, पूर्व ट्रैक एवं फील्ड एथलीट सुधा सिंह के सोमवार देर रात चुनावी दौड़ से हटने के बाद मतदान कराने की जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि 10 सीटों के लिए सिर्फ 10 उम्मीदवार ही रह गए थे। इससे पहले सोमवार को ही पूर्व विश्व नंबर एक शटलर किदांबी श्रीकांत ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी।

एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर एक पुरुष और एक महिला को चुना जाएगा। इन पदों पर निर्वाचित होने वाले चार में से दो पदाधिकारी आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य बनेंगे। आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ-साथ आईओए की आम सभा के दो प्रतिनिधियों का चुनाव बाद में कराया जाएगा।

इसके अलावा एथलीट आयोग के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) मतदान के अधिकार के साथ आईओए की आम सभा के सदस्य बनेंगे। ये दोनों प्रतिनिधि पांच दिसम्बर को होने वाले आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव में एथलीट आयोग की ओर से हिस्सा लेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular