Diwali 2026: योगी सरकार का बड़ा तोहफा, यूपी के 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगी गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी

लखनऊ, 3 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी देने की घोषणा की है। इसके लिए 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे गरीब परिवारों और मातृशक्ति के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता बताया। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या के दीपोत्सव को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दीपोत्सव केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाला सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है। उनके मुताबिक, जाति की जड़ता समाज को बांटती है, जबकि साझा आस्था और संस्कृति लोगों को एकजुट करती है।

2017 में शुरू हुआ दीपोत्सव, अयोध्या की विरासत को मिला नया मंच

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जातीय विभाजन को राजनीति का आधार बनाने वाली सरकारों ने समाज को जोड़ने वाली सांस्कृतिक शक्ति की उपेक्षा की। डबल इंजन सरकार ने वर्ष 2017 में अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत कर इस सोच को बदलने का प्रयास किया। इसके बाद रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत को जन-जन के उत्सव के रूप में पहचान मिली।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज धर्माचार्य, विद्यार्थी, स्वच्छताकर्मी, कुम्हार और व्यापारी सभी समान उत्साह और श्रद्धा के साथ दीपोत्सव में भाग लेते हैं। यहां पहचान जाति से नहीं, बल्कि सहभागिता से होती है।

उन्होंने कहा, “दीप अलग-अलग हाथों में जलते हैं, लेकिन उनका प्रकाश पूरे समाज को एक करता है। यही दीपोत्सव का संदेश है। यही समरस समाज की संकल्पना है।”

1,500 करोड़ रुपये से 1.89 करोड़ परिवारों को गैस सब्सिडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अन्य पोस्ट में दीपावली पर गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि से सब्सिडी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण गरीब परिवारों को दोबारा धुएं वाले चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर न होना पड़े, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हर घर में दीपावली की खुशियां और हर रसोई में सुविधा का उजाला बना रहना चाहिए।

उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों को मिला स्वच्छ ईंधन

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब सरकार की प्राथमिकता केवल अपना परिवार होती है, तो गरीब परिवारों की समस्याएं नीतियों से दूर हो जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में परिवारवाद की राजनीति के कारण लाखों माताएं और बहनें धुएं से भरी रसोई में खाना बनाने को मजबूर थीं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने परिवारवाद के बजाय लोक-कल्याण को प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों तक स्वच्छ ईंधन पहुंचाया गया, जिससे महिलाओं को स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान का संबल मिला। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular