Site icon hindi.revoi.in

राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने दी गोवा राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं, कहा- मैं हर गोवावासी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूँ

Social Share

नई दिल्ली, 30 मई। गोवा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को हार्दिक बधाई दी। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर विशेष संदेश जारी कर गोवा की सांस्कृतिक विरासत, प्रगति और ‘विकसित भारत’ में योगदान की सराहना की। भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा गया, “गोवा के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! गोवा न केवल अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है, बल्कि शिक्षा, प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और सतत विकास के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय प्रगति के लिए भी प्रसिद्ध है।” आगे लिखा गया, “नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ, गोवा ‘विकसित भारत’ के निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मैं गोवा के लोगों के लिए निरंतर समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हूं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए गोवावासियों को राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी।उन्होंने लिखा, “गोवा राज्य स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर गोवा के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। गोवा की जीवंत संस्कृति, समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और यहां के मिलनसार लोग पूरे विश्व में विख्यात हैं।” उन्होंने लिखा, “यह दिवस उन सभी लोगों को कृतज्ञतापूर्वक याद करने का भी एक अवसर है, जिन्होंने गोवा की प्रगति और उसकी पहचान बनाने के लिए अथक परिश्रम किया। गोवा निरंतर समृद्ध होता रहे और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहे। मैं हर गोवावासी के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।”

30 मई 1987 को गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। पुर्तगाली शासन से मुक्ति के बाद गोवा ने विकास की नई राह अपनाई। आज यह राज्य पर्यटन, शिक्षा, आईटी और फार्मा सेक्टर में अग्रणी है। गोवा की प्राकृतिक सुंदरता, समुद्र तट, सांस्कृतिक विविधता और शांत वातावरण इसे देश-विदेश के पर्यटकों का पसंदीदा गंतव्य बनाते हैं। राज्य सरकार सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को स्टार्टअप्स के माध्यम से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दे रही है।

Exit mobile version