Site icon Revoi.in

पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता पर देशवासियों को दी बधाई, बोले – यह विकसित भारत के शंखनाद का पल

Social Share

नई दिल्ली, 23 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग को ऐतिहासिक करार दिया और देशवासियों की बधाई देते हुए कहा कि यह विकसित भारत के शंखनाद का पल है। संप्रति 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भागीदारी के लिए दक्षिण अफ्रीकी शहर जोहानेसबर्ग में मौजूद पीएम मोदी विक्रम लैंडर की साफ्ट लैंडिंग के दौरान कुछ देर के लिए इसरो से वर्चुअली जुड़े थे।

‘हमने धरती पर संकल्प किया, चांद पर उसे साकार कियाभारत अब चंद्रमा पर है

पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने को लेकर खुशी जताई और अपने संबोधन में कहा, ‘जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है। ये नए भारत का सूर्योदय है। हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया…भारत अब चंद्रमा पर है। इससे पहले कोई भी देश वहां (चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव) तक नहीं पहुंचा है। हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं।’

‘जल्द ही बच्चे कहा करेंगे…चंदा मामा बस एक टूर के हैं

चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है… यह सफलता पूरी मानवता की है। कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा, जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं।’

पीएम मोदी ने इसरो के चेयरमैन एस सोमनाथ को फोन पर भी बधाई दी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के बाद इसरो के चेयरमैन एस. सोमनाथ से फोन पर भी बात की और इस मिशन में लगी इसरो की पूरी टीम बधाई दी। सोमनाथ को फोन पीएम मोदी ने कहा, ‘आपका नाम भी सोमनाथ है और यह नाम चंद्र से जुड़ा हुआ है। इसलिए आपके परिवार वाले भी काफी आनंदित होंगे। मेरी ओर से आपको और आपकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। सभी को मेरी ओर से अभिनंदन कह दीजिए। हो सके, उतना जल्दी ही रूबरू में भी बधाई दूंगा। बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बहुत-बहुत बधाई।’