रांची, 16 अगस्त। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जारी छात्रों का विरोध प्रदर्शन उग्र रूप लेता जा रहा है। इस क्रम में JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के बैनर तले जारी विरोध प्रदर्शन के 23वें दिन रविवार को छात्रों ने राजधानी रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला और सीएम हेमंत सोरेन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और RJD नेता तेजस्वी यादव के पुतले फूंके।
हेमंत सरकार ने सोमवार को बातचीत के छात्रों को फिर दिया न्यौता
इस बीच हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों को एक बार फिर बातचीत का न्यौता दिया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने छात्रों को सोमवार,17 अगस्त को बातचीत के नए दौर के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों के अनुसार सोरेन सरकार ने छात्रों को उनके कानूनी सलाहकार के साथ वार्ता के लिए सोमवार को बुलाया है। दोपहर में दो बजे सरकार और छात्रों के बीच बातचीत होगी।
किसी सूरत में हम अपनी मांगों से नहीं हटेंगे पीछे – रवींद्र पासवान
वहीं JPSC-JSSC सुधार मंच के नेता रवींद्र पासवान ने बताया कहा, ‘हम लोग छात्र हैं। हम छात्रों के मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार हम लोगों के साथ बातचीत करना चाहती है। ऐसे में हम भी सरकार से बातचीत करने के लिए तैयार हैं। हालांकि हम सरकार को यह भी बता देना चाहते हैं कि किसी सूरत में अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।
VIDEO | Students protesting against alleged irregularities in Jharkhand’s recruitment exams burn the effigies of Chief Minister Hemant Soren and Rahul Gandhi in Ranchi.
Student leader Ravindra Paswan says, "You can see the anger among students today. Even we cannot control this… pic.twitter.com/qR7xdMw2EL
— Press Trust of India (@PTI_News) August 16, 2026
20 अगस्त को सीएम आवास घेरने की चेतावनी
रवींद्र पासवान ने यह भी कहा, ‘यदि सरकार 18 तारीख तक हमारी मांगें नहीं मानती है तो 20 तारीख को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए छात्रों का एक ऐतिहासिक जमावड़ा होगा। हम सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हम यह भी मांग करते हैं कि यदि मुख्यमंत्री बात नहीं सुन रहे तो राहुल गांधी को JMM की अगुआई वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए। जब तक सरकार मांगों पूरा नहीं करती, प्रदर्शन जारी रहेगा।’
संतोष कुमार मस्ताना का निलंबन हटाए सरकार
इसी क्रम में JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच का कहना है कि उसकी मुख्य मांगों में 14वीं JPSC परीक्षा को रद करना, सभी परीक्षाओं की CBI जांच कराना, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करना और दोषियों के खिलाफ काररवाई करना शामिल है। इसके साथ ही छात्र वित्त विभाग के सेक्शन ऑफिसर और ह्विसलब्लोअर संतोष कुमार मस्ताना का निलंबन रद करने और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग कर रहे हैं।

