महाराष्ट्र : सोलापुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कुएं में गिरी, 8 लोगों की मौत
सोलापुर (महाराष्ट्र) , 14 जून। महाराष्ट्र में सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप कुएं में गिर गई। हादसे में वाहन में सवार आठ लोगों की मौत हो गई जबकि प्रशासन और स्थानीय लोगों ने छह अन्य लोगों को बचा लिया।
रंजनीगांव के 15 लोग सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे
दरअसल, कुछ दिन पहले नासिक में भी ऐसी ही घटना हुई थी। हालांकि, नासिक की घटना रात में हुई थी जबकि मालशिरस की घटना दिन में हुई। हादसे में डूबने से जिन आठ लोगों की मौत हुई, उनके शव कुएं से निकाल लिए गए हैं। सभी 15 लोग पंढरपुर तालुका के रंजनी गांव के निवासी थे और बताया जा रहा है कि वे सिद्धनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर लौट रहे थे।
यह हादसा मालशिरस तालुका में म्हास्वद-पंढरपुर रोड पर तंदुलवाड़ी गांव के पास हुआ। कुआं सड़क से सटे एक खेत में स्थित है। इसकी मुंडेर (बाउंड्री वॉल) ऊंची नहीं थी और यह पानी से भरा हुआ था, जिसमें पिकअप जा गिरी। हालांकि हादसे का सही कारण अब तक पता नहीं चला है।
मृतकों मं 4 बच्चे और 4 महिलाएं
सोलापुर के पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने बताया, ‘शुरुआती जानकारी के मुताबिक 15 लोगों को ले जा रही एक पिकअप वैन का चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे बने एक कुएं में गिर गया। इस हादसे में चार महिलाओं और चार बच्चों की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं।’ उन्होंने बताया कि घायलों को निकटस्थ अस्पताल ले जाया गया है।
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सोलापुर के प्रभारी मंत्री जयकुमार गोरे ने कहा, ‘श्रद्धालुओं की मौत बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं पुलिस से जानकारी इकट्ठा कर रहा हूं। हम वैरिफाई करेंगे कि कुएं में पैरापेट वॉल (Parapet Wall) थी या नहीं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ काररवाई करेंगे।’
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने हादसे पर दुख जताया और इसे बहुत दर्दनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और दिल दहला देने वाला बताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘मृतकों को श्रद्धांजलि! हम सभी पीड़ितों के परिवारों के दुख में शामिल हैं। इस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ-साथ, सरकारी तंत्र को तुरंत बचाव कार्यों में मदद करनी चाहिए।’
