मुख्यमंत्री योगी आज गोरखपुर को देंगे बड़ी सौगात, 491 करोड़ से बनेगा यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय

गोरखपुर, 19 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास को गति देने वाली 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में वन संपदा और औद्यानिकी की अपार संभावनाओं के बावजूद इन्हें किसानों की आय, युवाओं के रोजगार और प्रदेश के विकास से जोड़ने के लिए न तो स्पष्ट नीति थी और न ही दूरदृष्टि। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की इस क्षमता को पहचाना है। पर्यावरण संरक्षण के साथ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से समृद्धि का नया रास्ता तैयार किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ की पावन तपोभूमि गोरखपुर के कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में बनने वाला यह विश्वविद्यालय प्रदेश में वानिकी एवं औद्यानिकी शिक्षा, शोध और नवाचार को नई दिशा देगा। सरकार का संकल्प है कि उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक संपदा जनसमृद्धि का आधार बने और हरियाली के साथ हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए।

गोरखपुर में होंगे पांच विश्वविद्यालय

इस विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद गोरखपुर में विश्वविद्यालयों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी। जिले में पहले से ही चार प्रमुख विश्वविद्यालय संचालित हैं। इनमें दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय शामिल हैं।

इनमें गोरखपुर विश्वविद्यालय और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय राज्य के संस्थान हैं, जबकि महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय निजी क्षेत्र का संस्थान है। वहीं, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को समर्पित है। नए वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के बनने से गोरखपुर की शैक्षणिक पहचान और मजबूत होगी। साथ ही वन संरक्षण, बागवानी, कृषि अनुसंधान और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular