नई दिल्ली, 27 जुलाई। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) संसद के मानसून सत्र की रणनीति तय करने के लिए मंगलवार (28 जुलाई) को ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित कर रहा है। एनडीए संसदीय दल की यह बैठक मंगलवार पूर्वाह्न 9.30 बजे संसद पुस्तकालय भवन (पीएलबी) के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी। भाजपा संसदीय कार्यालय की ओर से सभी लोकसभा और राज्यसभा के एनडीए सांसदों को निमंत्रण भेज दिया गया है।
‘मंगल मिलन’ का उद्देश्य
‘मंगल मिलन’ वास्तव में एनडीए संसदीय दल की साप्ताहिक रणनीति बैठक का नया रूप है। इसमें सदन के कामकाज, विपक्ष के हमलों का मुकाबला और गठबंधन दलों के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा होगी। बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब सरकार नकल-रोधी कानून (पब्लिक एग्जामिनेशन बिल) को पास कराने की कोशिश कर रही है। वहीं विपक्ष NEET पेपर लीक और छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस काररवाई के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है।
प्रमुख मुद्दे
एनडीए की इस बैठक में मानसून सत्र के बचे हुए दिनों की रणनीति के अलावा पांच महत्वपूर्ण बिलों पर चर्चा होने की संभावना है, जिनमें शामिल हैं :-
- इनकम टैक्स (संशोधन) बिल, 2026
- सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन बिल, 2026
- जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026
- राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) बिल, 2026
- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) बिल, 2026
बैठक में शिवसेना, टीडीपी, जेडीयू, एलजेपी समेत सभी सहयोगी दलों के सांसद शामिल होंगे, ताकि सदन में समन्वय और प्रभावी भूमिका तय की जा सके। यह बैठक एनडीए के लिए मानसून सत्र के बाकी हिस्से को मजबूती से संचालित करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
