उत्तर प्रदेश : योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस करेगी राज्यव्यापी आंदोलन

लखनऊ, 4 अगस्त। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आगामी नौ और 10 अगस्त को प्रदेशभर में आंदोलन करने का फैसला किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस आशय की घोषणा की।

अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ सरकार कानून व्यवस्था संभालने में फेल हो चुकी है। युवाओं को रोजगार के स्थान पर लाठी और डंडे मिल रहे हैं। किसान परेशान हैं और बेरोजगारी चरम पर है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि लंबी-लंबी हांकने वाले होर्डिंग, बैनर और पीआर एजेंसी वाले मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क कर दिया है। कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार और सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आंदोलन करेगी। यह आंदोलन प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र और जिला मुख्यालय पर किया जाएगा। इस दौरान भाजपा की जनता विरोधी नीतियों के बारे में जनता को अवगत कराया जाएगा।

इलाहाबाद से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का, जो कभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुकी हैं, घर जलाने के आरोपित जितेंद्र सिंह बबलू के भाजपा में शामिल होने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस पर कार्टून बनना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular