1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. टाटा आईपीएल : मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर धीमे ओवर रेट के लिए 12 लाख का जुर्माना
टाटा आईपीएल : मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर धीमे ओवर रेट के लिए 12 लाख का जुर्माना

टाटा आईपीएल : मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर धीमे ओवर रेट के लिए 12 लाख का जुर्माना

0
Social Share

मुंबई, 28 मार्च। पांच बार के चैंपियन मुंबई इंडियंस को यहां टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे दिन रविवार को दोहरा आघात लगा। पहले तो दिल्ली कैपिटल्स के हाथों चार विकेट की पराजय झेलनी पड़ी और फिर धीमे ओवर रेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया गया।

आईपीएल संचालन समिति की मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया, ‘मुंबई इंडियंस पर 27 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण जुर्माना लगाया गया है। ओवर गति से जुड़ा यह टीम का पहला अपराध है, इसलिए मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है।’

दूसरी गलती पर लिया जा सकता है बड़ा एक्शन

नियमानुसार यदि किसी टीम द्वारा स्लो ओवर रेट किया जाता है तो कप्तान पर ही जुर्माना लगता है। मैच के दौरान सभी टीमों को निर्धारित समय के अंदर अपने कोटे के 20 ओवर पूरे करने होते हैं। ऐसा न होने की वजह से ही स्लो ओवर रेट के तहत जुर्माना लगाया जाता है। पहली बार ऐसा होने पर मैच फीस काटी जाती है। यदि टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस द्वारा यह गलती दोहराई जाती है तो उसके खिलाफ बड़ा एक्शन भी लिया जा सकता है।

ललित और अक्षर ने दिल्ली को दिलाई थी रोमांचक जीत

गौरतलब है कि आईपीएल के 15वें संस्करण के अपने पहले मैच में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास के दूसरे सर्वाधिक महंगे भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन की नाबाद 81 रनों (48 गेंद, दो छक्के, 11 चौके) की विस्फोटक पारी से 20 ओवरों में पांच विकेट पर 177 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ और दिल्ली ने 18.2 ओवरों में छह विकेट पर 179 रन बनाकर लिए थे।

दो हरफनमौला खिलाड़ियों – ललित यादव (नाबाद 48 रन, 38 गेंद, दो छक्के, चार चौके) और अक्षर पटेल (नाबाद 38 रन, 17 गेंद, तीन छ्कके, दो चौके) की तूफानी पारियों एवं उनके बीच 75 रनों की विद्युतीय साझेदारी से दिल्ली कैपिटल्स ने 10 गेंदों के शेष रहते चार विकेट से जीत दर्ज की थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code