1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल – मीराबाई चानू ने भारत को दिलाई स्वर्णिम सफलता, लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल – मीराबाई चानू ने भारत को दिलाई स्वर्णिम सफलता, लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल – मीराबाई चानू ने भारत को दिलाई स्वर्णिम सफलता, लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण

0
Social Share

बर्मिंघम, 30 जुलाई। भारोत्तोलकों ने 22वें राष्ट्रमंडल खेलों की स्पर्धाओं का दूसरा दिन भारत के लिए यादगार बना दिया, जब गोल्डन गर्ल सेखोम मीराबाई चानू की अगुआई में उसने तीन पदक जीत लिए।

महाराष्ट्र के युवा लिफ्टर संकेत महादेव सरगर ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक के साथ शनिवार की शुरुआत की तो कर्नाटक के गुरुराजा पुजारी ने 61 किलो में कांसे पर अधिकार किया और फिर मीराबाई ने 49 किग्रा भार वर्ग में देश की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया। भारत ने चार वर्ष पूर्व गोल्ड कोस्ट खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में पांच स्वर्ण समेत नौ पदक जीते थे।

201 किलो भार उठाकर राष्ट्रकुल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया

मणिपुर की राजधानी इंफाल की 27 वर्षीया महिला लिफ्टर मीराबाई चानू ने कुल 201 किलोग्राम (स्नैच 88 किलो+क्लीन एंड जर्क 113 किलो) भार उठाकर राष्ट्रकुल खेलों का नया रिकॉर्ड स्थापित किया। मारिशस की रनाईवोसोवा मेरी हेनरिता रोइलिया ने 172 किलो भार (76+96) ने रजत पदक जीता जबकि कनाडा की कामिंस्की हन्नाह 171 किलो भार (74+97) उठाकर तीसरे स्थान पर रहीं।

लगातार तीसरे राष्ट्रकुल खेलों में जीता पदक

दरअसल, मीराबाई चानू का राष्ट्रकुल खेलों में यह लगातार तीसरा पदक है। वर्ष 2014 के ग्लास्गो (स्कॉटलैंड) खेलों में उन्होंने 48 किलो वर्ग में 170 किलो भार उठाकर रजत पदक जीता जबकि गोल्ड कोस्ट (2018) में 48 किलो वर्ग में ही 196 किलो भार उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया था।

चानू ने स्नैच के अपने प्रयास में 84 किलो भार उठाया तो दूसरी 88 किलो का उनका प्रयास सर्वश्रेष्ठ साबित हुआ क्योंकि तीसरी कोशिश में वह 90 किलो भार नहीं उठा सकीं। हालांकि 88 किलो के प्रयास से उन्होंने स्नैच में राष्ट्रकुल और राष्ट्रकुल खेलों का नया रिकॉर्ड बना दिया।

इसी प्रकार क्लीन एंड जर्क में 109 किलो से शुरुआत के बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 113 किलो का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया। तीसरे मौके पर उन्होंने 115 किलो भार उठाने की असफल कोशिश की। इस प्रकार कुल 201 किलो वजन उठाकर खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ वह स्वर्ण जीतने में सफर रहीं।

टोक्यो ओलंपिक के अपने रजत पदक के प्रयास से एक किलो कम भार उठा सकीं

हालांकि चानू ने पिछले वर्ष टोक्यो ओलंपिक में जब रजत पदक जीता था, तब उन्होने 202 किलो (87+115) भार उठाया था जबकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 207 किग्रा (88+119) का है। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि भारत चार वर्ष पूर्व गोल्ड कोस्ट खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा का प्रदर्शन पीछे छोड़ पाता है अथवा नहीं, जब उसके हाथ पांच स्वर्ण समेत नौ पदक लगे थे।

पीएम मोदी ने दी बधाई

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वर्ण पदक जीतने पर मीराबाई को बधाई दी है। पीएम ने ट्वीट कर कहा, ‘असाधारण मीराबाई चानू ने एक बार फिर भारत को गौरवान्वित किया! हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में एक स्वर्ण पदक जीता और एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया। उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है, विशेषकर नए एथलीटों को।’

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी मीराबाई चानू की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त की और मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी चानू को उनकी जीत पर बधाई दी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code