यूपी : बाराबंकी में तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों में मारी टक्कर, 5 युवकों की दर्दनाक मौत

बाराबंकी, 30 जुलाई। बाराबंकी जिले में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर शनिवार को अपराह्न एक तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बुरी तरह जख्मी एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

लखनऊ-बहराइच हाईवे पर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र के किन्हौली निवासी दीपक कुमार, अभिषेक कुमार और शुभकरन एक बाइक पर सवार होकर खाद उतरवाने रामनगर की ओर जा रहे थे। ये तीनों युवक इफको खाद की दुकान पर काम करते थे। वहीं, एक दूसरी बाइक पर नगर कोतवाली के लखपेड़ाबाग निवासी प्रशांत द्विवेदी और उन्हीं के मुहल्ले का रहने वाला पंकज मिश्रा महादेवा दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी लखनऊ-बहराइच हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा के पास रामनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने इन दो बाइकों को टक्कर मार दी।

बस को ओवरटेक करने के प्रयास में पिकअप ने बाइक सवारों की जान ली

पुलिस कप्तान अनुराग वत्स ने बताया कि सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकप गाड़ी एक बस को ओवरटेक कर रही थी। इस प्रयास में वह सड़क पर रांग साइड आ गई और दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। फिलहाल पिकप गाड़ी को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है।

सीएम योगी ने जताया शोक

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में सड़क हादसे में हुई पांच लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular