शिकागो/नई दिल्ली, 19 नवंबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान भारत की चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी के बाद बुधवार को यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने साफ कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा। राहुल गांधी के मुताबिक, अगर विपक्ष चुनावी प्रक्रिया से खुद को अलग कर लेता है, तो इससे भारतीय लोकतंत्र की विश्वसनीयता को बड़ा झटका लगेगा।
‘चुनावों से दूर रहे तो उसी पल खत्म हो जाएगा लोकतंत्र’
शिकागो यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है और वह इसके ढांचे को किसी भी कीमत पर नष्ट नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा, “अगर हम यह कहें कि हम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे, तो भारतीय लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा।” कांग्रेस नेता ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें और पूरे विपक्ष को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। इसके बावजूद विपक्ष जानबूझकर चुनावों से दूर रहने का फैसला नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि विपक्ष की रणनीति देश में हो रही घटनाओं को जनता के सामने लाने और लोकतांत्रिक मुद्दों पर लगातार संवाद बनाए रखने की है।
चुनाव आयोग के भीतर से जानकारी मिलने का दावा
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग (ECI) को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें आयोग के भीतर से जानकारियां मिल रही हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी अब यह कह रहे हैं कि मौजूदा तरीके से काम जारी रखना संभव नहीं है। उन्होंने अधिकारियों के हवाले से कहा, “देखिए, हम अब और इस तरह से काम नहीं चला सकते।”
100 फीसदी सबूत होने पर ही उठाते हैं सवाल
राहुल गांधी ने भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाने की संवेदनशीलता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए बेहद पवित्र है। ऐसे में जब तक उनके पास 100 प्रतिशत पुख्ता सबूत नहीं होते, तब तक उनके लिए यह कहना भी मुश्किल होता है कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई समस्या है। राहुल गांधी के इस बयान को अमेरिका में भारत की चुनावी प्रक्रिया और विपक्ष की रणनीति को लेकर उनकी टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है।


