वॉशिंगटन, 14 नवम्बर। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार सिस्टम में गंभीर तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को घंटों तक चले देशव्यापी फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप के बाद भी हवाई यातायात सामान्य नहीं हो पाया है। उड़ान सेवाओं को पूरी तरह पटरी पर लौटने में अभी समय लग सकता है। शनिवार को भी 2000 से अधिक उड़ानें रद की जा चुकी हैं जबकि सैकड़ों अन्य उड़ानों के विलंबित होने की आशंका है। एयरलाइंस रद और प्रभावित उड़ानों का बैकलॉग खत्म करने के साथ विमानों और चालक दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटी हैं।
फ्लाइट डेटा ट्रैकर फ्लाइटअवेयर के अनुसार शनिवार को अमेरिका के भीतर संचालित होने वाली, वहां से रवाना होने वाली और अमेरिका पहुंचने वाली 2000 से अधिक उड़ानें रद हो चुकी हैं। इसके अलावा 300 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई है।
शुक्रवार को 7,700 से अधिक उड़ानें रद हुई थीं
इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका में 7,700 से अधिक उड़ानें रद हुई थीं जबकि 8,000 से ज्यादा उड़ानें विलम्बित हुई थीं। शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने देशभर में उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी थी। हालांकि शुक्रवार शाम कुछ विमानों ने दोबारा उड़ान भरनी शुरू कर दी थी।
प्रमुख एयरलाइंस ने भी परिचालन बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। हालांकि, यात्रियों को सप्ताहांत तक उड़ानों में व्यवधान बने रहने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उड़ानें रद होने से विभिन्न हवाई अड्डों पर विमान और चालक दल फंस गए हैं। इन्हें दोबारा व्यवस्थित कर परिचालन सामान्य करना एयरलाइंस के सामने बड़ी चुनौती है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के हवाई यातायात ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए कांग्रेस से जल्द कानून पारित करने की अपील की है। सीएनएन ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि ट्रंप ने शुक्रवार रात रिपब्लिकन सीनेटर एरिक श्मिट से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, हवाई अड्डों के टावर, टर्मिनल और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए शीघ्र विधायी काररवाई की जरूरत पर जोर दिया।
सीनेटर श्मिट ने सितम्बर में ‘मॉडर्न स्काइज एक्ट’ पेश किया था। इस विधेयक में अमेरिका के विमानन बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त संघीय सहायता देने का प्रस्ताव है। श्मिट चाहते हैं कि इस राशि को बजट सुलह प्रक्रिया में शामिल किया जाए, ताकि विधेयक को जल्द मंजूरी मिल सके।
सूत्र के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार सुबह देशव्यापी उड़ान रोक लगाए जाने से कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस को पत्र भेजकर विमानन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के लिए 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। यह पत्र व्हाइट हाउस के प्रबंधन एवं बजट कार्यालय के निदेशक रस वॉट और परिवहन मंत्री शॉन डफी ने सीनेट की विनियोग समिति के नेतृत्व को भेजा था।
वहीं, डफी ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विमानन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 50 अरब डॉलर की फंडिंग को जरूरी बताया। शुक्रवार को हुई उड़ान संबंधी बाधाओं ने अमेरिका के हवाई यातायात नेटवर्क में संचार प्रणाली की खामियों और पुराने बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।


