बैंकॉक, 13 मई। BWF टूर रैंकिंग के शीर्ष पायदान पर रह चुके भारत के दो स्टार शटलरों – किदांबी श्रीकांत व पीवी सिंधु के साथ लक्ष्य सेन ने बुधवार को यहां थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में सहज जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। वहीं मालविका बंसोड व देविका सिहाग ने भी तीन गेमों के संघर्ष में पहली बाधा पर कर ली। लेकिन दूसरे दिन कोर्ट पर उतरे अन्य भारतीय खिलाड़ियों को पराजय का सामना करना पड़ा।
मौजूदा समय विश्व रैंकिंग में 18वें नंबर पर काबिज श्रीकांत ने निमिबुत्र स्टेडियम के कोर्ट नंबर पर खेले गए दिन के पांचवां मैच में आठवीं वरीयता प्राप्त सिंगापुर के लो कीन यू को सिर्फ 30 मिनट में 21–14, 21–15 से हरा दिया। सातवीं सीड लेकर कोर्ट नंबर तीन पर उतरे लक्ष्य सेन ने सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 43 मिनट में 21-16, 21-17 से परास्त किया।
Winning starts for Satwik-Chirag, PV Sindhu, and Kidambi Srikanth at the Thailand Open 2026! ✅
You can catch all the action LIVE on the BWF YouTube channel! 📺
[📸 @badmintonphoto ] pic.twitter.com/FTGHYH7eSX
— BAI Media (@BAI_Media) May 13, 2026
वहीं दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता सिंधु ने कोर्ट नंबर दो पर 33 मिनट खर्च किए और चीनी ताइपे की तुंग सियू तोंग को 21-9, 21-12 से शिकस्त दी। उधर कोर्ट नंबर तीन पर मालविका ने कनाडाई वेन यू झांग के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद असाधारण वापसी की और 53 मिनट में 13-21, 26-24, 21-13 से जीत हासिल की। देविका सिहाग ने जापानी नात्सुकी निदाइरा को 71 मिनट तक खिंचे तीन गेमों के संघर्ष में 21-16, 13-21, 21-15 से परास्त किया।
श्रीकांत का क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के लिए अब चीनी ताइपे के सू लि यांग से सामना होगा जबकि सीड सिंधु डेनमार्क की अमेली शूल्ज से खेलेंगी। बंसोड को अब दूसरी सीड चीनी चेन यू फेई की कड़ी चुनौती झेलनी पड़ेगी जबकि देविका का सामना थाईलैंड की पिचामन ओपाटनिपुथ से होगा।
आयुष शेट्टी छठी सीड नराओका से तीन गेमों में हारे
फिलहाल एशियाई चैम्पियनशिप के फाइनल तक पहुंचे आयुष शेट्टी को कोर्ट नंबर तीन पर 59 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा और वह जापान के छठी वरीयता प्राप्त कोडाइ नराओका के खिलाफ एक गेम जीतने के बाद 13–21, 21–17, 4–21 से हार गए। जबकि तरुण मन्नेपल्ली को जापान के ही कोकी वातानाबे ने 21-12, 21-16 से हरा दिया।
उन्नति व अनमोल शीर्ष खिलाड़ियों से संघर्ष के बाद परास्त
उधर महिला एकल में उन्नति हुड्डा और अनमोल खरब को क्रमश: थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग और चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फेइ ने हराया। हुड्डा को 21-11, 17-21, 16-21 से पराजय मिली जबकि खरब को टोक्यो ओलंपिक चैम्पियन ने 21-19, 13-21, 18-21 से शिकस्त दी।

