1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. झारखंड : चंपई सोरेन ने हासिल किया विश्वास मत, पक्ष में 47 वोट पड़े, विपक्ष में 29 मत
झारखंड : चंपई सोरेन ने हासिल किया विश्वास मत, पक्ष में 47 वोट पड़े, विपक्ष में 29 मत

झारखंड : चंपई सोरेन ने हासिल किया विश्वास मत, पक्ष में 47 वोट पड़े, विपक्ष में 29 मत

0
Social Share

रांची, 5 फरवरी। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सोमवार को विधानसभा में बहुमत हासिल कर लिया। विधानसभा के विशेष सत्र में सीएम सोरेन की ओर से विश्वास मत का प्रस्ताव सदन में पेश किया गया। विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में 47 वोट प्राप्त हुए जबकि विरोध में 29 मत पड़े।

दरअसल, 82 सदस्यीय विधानसभा में कुल 76 वोट पड़े। गांडेय विधानसभा सीट झामुमो विधायक सरफराज अहमद के त्यागपत्र के कारण खाली है जबकि झामुमो रामदास सोरेन और भाजपा के इंद्रजीत महतो विधानसभा नहीं पहुंच गए। घाटशिला के झामुमो विधायक रामदास सोरेन किडनी की समस्या के कारण दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो लंबे समय से हैदराबाद के एक अस्पताल में इलाजरत हैं।

सीएम चंपई सोरेन ने कहा – खाता-बही नहीं, साजिश के तहत हेमंत सोरेन को फंसाया

विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करते हुए सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर हेमंत सोरेन को फंसाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि ईडी ने हेमंत सोरेन को उस मामले में गिरफ्तार किया है, जिसका कोई खाता-बही नहीं हैं जबकि भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही की ईडी ने सात करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की, लेकिन उनके खिलाफ कोई काररवाई नहीं हो रही।

हेमंत सोरेन ने लगाया आरोप – मेरी गिरफ्तारी में राजभवन भी शामिल

वहीं विश्वास मत प्रस्ताव के लिए आहूत विशेष सत्र में भाग लेने के लिए ईडी की न्यायिक हिरासत से विधानसभा पहुंचे पूर्व   मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बातों को सदन में रखते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने 31 जनवरी की रात को काली रात काली रात करार देते हुए कहा कि वह देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक काला अध्याय बन गया। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी की रात को देश में पहली बार किसी सीएम या पूर्व सीएम या किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी राजभवन में हुई। उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि उनकी गिरफ्तारी में राजभवन भी शामिल रहा है।

‘आरोप साबित हुआ तो राजनीति से सन्यास ले लूंगा

हेमंत सोरेन ने ईडी के सभी आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि यदि उनके नाम की 8.5 एकड़ जमीन के कागजात को सामने रख दिया जाए, तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। इतना ही नहीं वे झारखंड छोड़ कर चले जाएंगे।

मैं आंसू नहीं बहाऊंगा, वक्त के लिए बचा कर रखूंगा

हेमंत सोरेन ने कहा, ‘मैं आंसू नहीं बहाऊंगा, वक्त के लिए बचा कर रखूंगा। राजभवन में पहली बार किसी की गिरफ्तारी हुई है। अब यह देखना कि राष्ट्रपति भवन, लोकसभा अध्यक्ष के आवास से गिरफ्तारी की शुरुआत कब होगी।’

भाजपा विधायक दल के नेता बाउरी बोले – कांग्रेस के साथ जो सटा, जेल गया

उधर भाजपा विधायक दल के नेता अमर कुमार बाउरी ने कहा कि कांग्रेस देश और झारखंड विरोधी है। कांग्रेस के साथ जो भी गया, वो जेल गया। कांग्रेस ने ही शिबू सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को जेल भिजवाया। अब हेमंत सोरेन जेल गए, इसलिए सीएम चंपई सोरेन को भी सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चार वर्षां के कार्यकाल में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार ने झारखंड को दीमक की तरह से चाटने का काम किया है।

मनोनीत विधायक ग्लेन जोसेफ गॉलस्टन भी सदन में बोले

विधानसभा में मनोनीत विधायक ग्लेन जोसेफ गॉलस्टन ने भी सदन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत हमारे जैसे लोगों के सदन पहुंचने का रास्ता बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा – ‘मैं देश का अंतिम मनोनीत विधायक हूं। हम एक हैं, हमारा भारत एक हैं, हमें धर्म के नाम पर अलग न करें, राम के नाम को बदनाम न करें।’ भाजपा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘आपने हमारा हक छीन लिया।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code