Site icon hindi.revoi.in

जयंत चौधरी ने दिखाई हरी झंडी : सोलर स्किल वैन से गांव-गांव पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा और रोजगार प्रशिक्षण

Social Share

नई दिल्ली, 9 जून। कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने मंगलवार को पांच नई सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य देशभर में डिजिटल पहुंच बढ़ाना और युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

NSDC के सहयोग से डेल टेक्नोलॉजीज ने विकसित की है यह पहल

यह पहल डेल टेक्नोलॉजीज द्वारा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से विकसित की गई है और इसका क्रियान्वयन लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन कर रहा है। यह तकनीक आधारित शिक्षा के माध्यम से डिजिटल खाई को कम करने के लिए डेल के वैश्विक प्रयासों का अगला चरण है।

इन स्किल वैन को उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र में तैनात किया जाएगा। इनके माध्यम से युवाओं, महिलाओं और वंचित समुदायों तक सौर ऊर्जा आधारित तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) समर्थित शिक्षण उपकरण और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण सीधे पहुंचाया जाएगा।

सरकार के अनुसार, प्रत्येक वैन में लैपटॉप, इंटरैक्टिव स्क्रीन, इंटरनेट कनेक्टिविटी और नवीकरणीय ऊर्जा प्रणाली की सुविधा उपलब्ध है। इन्हें विशेष रूप से अनुकूलित कौशल प्रशिक्षण मॉड्यूल और रोजगार से जुड़ी संरचित सुविधाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। इसके अलावा, यह कार्यक्रम 50 से अधिक व्यावसायिक, उच्च शिक्षा और सामुदायिक संस्थानों तक तकनीक आधारित शिक्षण सहायता भी पहुंचाएगा।

ये वैन सिर्फ डिजिटल शिक्षा केंद्र नहीं बल्कि आकांक्षाओं के केंद्र – जयंत

जयंत चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन देशभर में तकनीक और अवसरों को सुलभ बनाने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ये वैन केवल डिजिटल शिक्षा केंद्र नहीं हैं, बल्कि आकांक्षाओं के केंद्र हैं, जो स्वच्छ ऊर्जा, एआई आधारित शिक्षा और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण को एक साथ जोड़ते हैं, ताकि युवाओं को उभरते अवसरों के लिए तैयार किया जा सके।

युवाओं को भविष्य के रोजगारों के लिए तैयार करना इस वैन का उद्देश्य

डेल टेक्नोलॉजीज इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मनीष गुप्ता ने कहा कि यह पहल समावेशी और तकनीक आधारित विकास के प्रति कम्पनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार, उद्योग और समुदायों के बीच सहयोग की शक्ति का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि स्किल वैन का उद्देश्य युवाओं को उनके अपने समुदायों में रहकर भविष्य के रोजगारों के लिए तैयार करना है।

14 राज्यों के 18 जिलों तक पहुंच चुका है यह कार्यक्रम

वित्त वर्ष 2022-23 में पहली सोलर कम्युनिटी हब स्किल वैन की शुरुआत के बाद से यह कार्यक्रम 14 राज्यों के 18 जिलों तक पहुंच चुका है और सीधे तौर पर 26.7 लाख लोगों को लाभान्वित कर चुका है। वैश्विक स्तर पर यह पहल 12 देशों में 63 स्किल वैन के माध्यम से संचालित की जा रही है।

Exit mobile version