Share Market Today: गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 267 अंक टूटा, निफ्टी 24,600 के नीचे
मुंबई, 7 जुलाई। भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार के कारोबारी सत्र की शुरुआत कमजोरी के साथ की। शुरुआती कारोबार में वित्तीय शेयरों में बिकवाली के दबाव के कारण प्रमुख सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मिश्रित रुख देखने को मिला।सुबह 9:28 बजे बीएसई सेंसेक्स 267 अंक (0.34%) की गिरावट के साथ 78,686 पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 34 अंक (0.14%) फिसलकर 24,603 पर पहुंच गया।
फाइनेंशियल शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव
शुरुआती कारोबार में निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज सबसे ज्यादा दबाव में रहा। इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक, मीडिया, पीएसयू बैंक, सर्विसेज, कमोडिटीज, फार्मा और इंफ्रा सूचकांकों में भी कमजोरी दर्ज की गई। दूसरी ओर निफ्टी आईटी, ऑटो, रियल्टी, एफएमसीजी, एनर्जी, इंडिया डिफेंस और ऑयल एंड गैस सूचकांकों में कुछ खरीदारी देखने को मिली।
इन शेयरों में तेजी और गिरावट
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, बीईएल, सन फार्मा, एसबीआई, एलएंडटी, पावर ग्रिड, टाइटन और आईटीसी के शेयर बढ़त में रहे। वहीं बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, इटरनल और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट देखी गई।
मिडकैप और स्मॉलकैप का मिला-जुला रुख
व्यापक बाजार में मिश्रित कारोबार रहा। निफ्टी मिडकैप 100 करीब 122 अंक (0.19%) की बढ़त के साथ 63,446 पर रहा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 38 अंक (0.19%) की गिरावट के साथ 19,839 पर कारोबार करता दिखा।
विशेषज्ञों की राय
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में धीरे-धीरे स्थिरता लौट रही है और आने वाले समय में मजबूत ब्रेकआउट देखने को मिल सकता है।उनके अनुसार पहली तिमाही के नतीजों से तीन प्रमुख संकेत मिले हैं-
- फाइनेंशियल, ऑटो, फार्मा और टेलीकॉम सेक्टर की अधिकांश कंपनियों ने आय और मुनाफे में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्ज की है, जिससे इन शेयरों को समर्थन मिला है।
- आईटी सेक्टर अभी भी धीमी ग्रोथ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव को लेकर दबाव में है।
- मेटल और ऑयल जैसी कमोडिटी कंपनियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है।
एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला। टोक्यो, बैंकॉक और सोल के बाजार गिरावट में रहे, जबकि शंघाई, हांगकांग और जकार्ता में बढ़त दर्ज की गई। उधर, गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए। डाओ जोंस 0.85 प्रतिशत और नैस्डैक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
