मुंबई, 2 जून। भारत व अमेरिका के बीच महत्वपूर्ण व्यापार वार्ता से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के चलते भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को बड़ी गिरावट के साथ खुला था। लेकिन आईटी, मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में जोरदार लिवाली का यह असर रहा कि न सिर्फ पिछले लगातार चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट थमी वरन दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 382 अंक उछला वहीं एनएसई निफ्टी 101 अंकों की मजबूती से 23,500 के करीब जा पहुंचा।
भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर फोकस
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल भारतीय अधिकारियों के साथ नई दिल्ली में तीन दिवसीय बैठक कर रहा है। इस वार्ता का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किस्त को अंतिम रूप देना है। इसी कड़ी में तिमाही नतीजों का सीजन समाप्त होने के बाद, अब निवेशकों का ध्यान मानसून की प्रगति, महंगाई और आगामी आरबीआई नीति पर केंद्रित हो गया है।
सेंसेक्स 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,649.84 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 382.50 अंक या 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,649.84 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले सूचकांक लगभग 322 अंकों की गिरावट से खुला और देखते ही देखते 452 अंक गिरकर 73,815.15 अंकों के साथ दिन के निचले स्तर पर जा पहुंचा था। लेकिन दिन चढ़ने के साथ गिरावट थमी और सूचकांक ने लगभग 1050 अंकों की उछाल के साथ 74,862.19 पर दिन का उच्चतम स्तर भी देखा। सेसेंक्स से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 10 में गिरावट रही।
निफ्टी 100.95 अंक चढ़कर 23,483.55 के स्तर पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 100.95 अंक या 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,483.55 के स्तर पर बंद हुआ। सूचकांक सोमवार के मुकाबले लगभग 153 अंक गिरकर दिन के निम्नतम स्तर 23,229.15 पर खुला था। हालांकि मध्याह्न बाद इसमें लगातार सुधार हुआ और फिर इसने 23,556.95 का हाई बनाया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 31 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 19 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार देखें तो निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.18 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी इंडेक्स ने 4.23 फीसदी की तेजी से बाजार की अगुआई की। इसके साथ ही कंज्यूमर ड्यूरेबल, ऑटो और एफएमसीजी इंडेक्स ने भी अच्छा प्रदर्शन किया जबकि फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर दबाव में रहे।
निवेशकों 3.28 लाख करोड़ रुपये का फायदा
शेयर बाजार में अच्छी बढ़त के बीच बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर ₹4,63,00,706.87 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में ₹4,59,72,323.038 करोड़ था। इस प्रकार निवेशकों की पूंजी एक दिन में ₹3,28,383.832 करोड़ बढ़ गई।
TCS के स्टॉक सबसे ज्यादा 6.53 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के स्टॉक सबसे ज्यादा 6.53 फीसदी चढ़े। उसके अलावा इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा व अदाणी पोर्ट्स में भी अच्छी बढ़त देखी गई। दूसरी तरफ, मुनाफावसूली के कारण एनटीपीसी में सबसे ज्यादा 2.89 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व भी नुकसान उठाने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहे।

