देवास (मध्य प्रदेश), 14 अगस्त। मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शुक्रवार को निकाली जा रही तिरंगा यात्रा पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे करीब 40 पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गए। बताया जा रहा है कि डीजे की तेज आवाज से भड़कीं मधुमक्खियों ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया।
घायलों में शामिल भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा ने बताया, ‘तिरंगा यात्रा के साथ डीजे उपकरण लेकर जा रही गाड़ी एक पेड़ पर बने मधुमक्खी के छत्ते से टकरा गई, जिसके बाद सैकड़ों मधुमक्खियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। हमारे 40 से 50 कार्यकर्ता उनके डंक घायल हो गए।’
अतुल ने बताया कि घायल भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचे। विजयागंज मंडी क्षेत्र में मोटसाइकिल से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में 500 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। मधुमक्खियों का हमला होते ही कई कार्यकर्ता सोयाबीन के खेत में छिप गए। उन्हें बाद में वहां से निकाला गया।
महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय के डॉ. कमल किशोर के अनुसार मधुमक्खियों के हमले में घायल छह लोगों को अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया, ‘इनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे करीब 200 मधुमक्खियों ने काटा। इलाज के बाद सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।’

